जगराओं में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां अमेरिका में रह रहे एक व्यक्ति ने अपनी पूर्व प्रेमिका की जिंदगी को तबाह करने में कोई कसर नही छोड़ी। आरोपी सवरनजीत सिंह, जो जगराओं के नजदीक गांव का रहने वाला है, ने अपनी पूर्व प्रेमिका की अश्लील तस्वीरें इंस्टाग्राम पर वायरल कर दीं। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि, मई 2022 में उसकी शादी हो गई थी। शादी से पहले आरोपी के साथ उसकी दोस्ती थी, जिस दौरान आरोपी ने जबरदस्ती संबंध बनाकर चुपके से अश्लील फोटो खींच लीं। इसके बाद वह लगातार इन फोटो को वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता का शोषण करता रहा। दोबारा दोस्ती करना चाहता था आरोपी मामले की जांच में पता चला कि आरोपी पीड़िता से दोबारा दोस्ती करना चाहता था, लेकिन शादीशुदा होने के कारण महिला ने इनकार कर दिया। इस पर आरोपी ने धमकी दी कि अगर वह दोस्ती नहीं करेगी तो वह फोटो वायरल कर देगा। अपनी धमकी को अंजाम देते हुए उसने एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर फोटो वायरल कर दीं। पीड़िता की मां जब आरोपी के घर शिकायत करने गईं, तो आरोपी की मां ने भी धमकियां दीं। इस घटना के कारण अब पीड़िता का वैवाहिक जीवन खतरे में पड़ गया है और तलाक की नौबत आ गई है। पुलिस ने साइबर क्राइम में मामला दर्ज कर लिया है और विदेश में रह रहे आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।


