खेत से चोरी किया चारा, किसानों को देखकर भागे:पिकअप सवार व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज

हनुमानगढ़ के फेफाना थाना इलाके के चक 7-9 पिचकराई से पिकअप सवार अज्ञात व्यक्ति रात के समय खेत में रखा ग्वार का चारा चोरी कर ले गया। इस पर जमीन हिस्से पर लेकर काश्त करने वाले किसान ने खेत की निगरानी रखनी शुरू कर दी। निगरानी के दौरान एक पिकअप गाड़ी खेत के पास आकर रुकी। तभी पिकअप सवारों ने वहां कुछ किसानों को देख लिया। इस पर वे पिकअप गाड़ी भगाकर ले गए। इस मामले में फेफाना पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। फेफाना थाने के हेड कॉन्स्टेबल भंवरलाल ने बताया कि विनोद कुमार (28) पुत्र अमरसिंह नायक निवासी चक 7-9 पिचकराई ने लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई कि चक 6 बारानी की 20 बीघा भूमि लक्ष्मी शारदा के नाम दर्ज है। उसने जमीन मालिक के भाई नरेन्द्र कुमार से यह जमीन हिस्से पर लेकर उसमें 16 बीघा में ग्वार और शेष जमीन में मूंग-मोठ की फसल काश्त की। उसने फसल काटकर निकालने के बाद ग्वार का चारा खेत में इकठ्ठा कर लिया। 6 और 7 दिसम्बर की रात को किसी समय अज्ञात चोर पिकअप में चारा डालकर चोरी कर ले गए। 10 दिसम्बर की सुबह उसने खेत में पड़ा चारा देखा तो नहीं मिला। वहां पिकअप गाड़ी के टायरों के निशान थे। मौके पर कई आदमियों के पैरों के निशान थे। उन्होंने इसकी सूचना फेफाना पुलिस थाने में दी। पुलिसकर्मियों ने आकर मौका देखा। उसके बाद उसने निगरानी करनी शुरू कर दी। 11 दिसम्बर की रात करीब 12 बजे एक पिकअप पास के खेत में आकर रुकी। पिकअप को देखकर प्रेमसिंह और सुरेन्द्र जाट उसके पास भागकर आए तो अज्ञात व्यक्ति पिकअप भगाकर ले गए। पुलिस ने पिकअप सवार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *