भिलाई में एक हफ्ते के भीतर हुए हत्या और चेन स्नेचिंग के प्रकरण दुर्ग पुलिस की सफलता पर ग्रहण लगा रहे हैं। यूं तो जिले में कई प्रकरण अनसुलझे हैं, लेकिन इन तीन प्रकरण में आरोपी का सीसीटीवी फुटेज आ गया है। इसके बाद भी पुलिस उन्हें नहीं पकड़ पा रही है। पहला मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र में हत्या का है। यहां मिनीमाता नगर वार्ड 46 निवासी लोकेश्वर बंजारे (22 साल) की निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में भी देख लिया कि लोकेश्वर को उसका दोस्त अजय यादव अपने साथ ले जा रहा है। हत्या के बाद से अजय फरार है। इसके बाद भी पुलिस उसे नहीं गिरफ्तार कर पा रही है। इस मामले में खुर्सीपार थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज का कहना है कि आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। आरोपी को पकड़ने के लिए थाने की पेट्रोलिंग और क्राइम ब्रांच की टीमे लगी हुई हैं। हालत तो यह है कि पुलिस अब तक हत्या का कारण भी नहीं पता कर पाई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही हत्या का कारण पता चलेगा। 10 मिनट के अंदर दो-दो चेन स्नेचिंग, आरोपी फरार इसी तरह वैशाली नगर थाना और सुपेला थाना क्षेत्र में 10 मिनट के अंदर बुजुर्ग महिलाओं से दो-दो चेन स्नेचिंग की घटना हो गई। पहली घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र के एलआईजी 78 निवासी तारमणि जैन (74 वर्ष) के साथ हुई। वो 8 दिसंबर की सुबह 6.05 बजे जैन मंदिर की तरफ टहलने जा रही थीं। इसी दौरान नकाबपोश बाइक सवार दो लोग आए। उन्होंने बुजुर्ग महिला से एक एड्रेस पूछा। जैसे ही महिला उनकी बातों में आ गईु पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से 2 तोला वजनी सोने की चेन छीना और फरार हो गए। महिला चिल्लाती रही, लेकिन आरपियों का कहीं कोई पता नहीं चला। दूसरी घटना सुपेला थाना के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र के चंद्र नगर कोहका सड़क नंबर 23 भैंस खटाल के बगल में हुई। यहां रहने वाली सुमित्रा बाई (70 साल) 8 दिसंबर की सुबह 6.15 बजे टहलने निकली थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार में बाइक सवार दो लोग आए और महिला के गल से एक तोला वजनी सोने का मंगलसूत्र छीनकर भाग गए। चाकू की नोक पर लूट का मामला भी अनसुलझा इसी तरह पुरानी भिलाी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुक्ता सिनेमा हाल में हुई लूट का प्रकरण भी अनसुलझा है। यहां सोमवार की तड़के 4 बजे मुक्ता ए 2 सिनेमाघर में बाइक सवार दो नकाबपोश लोग आए। वो सीधे सिनेमाघर के अंदर घुसे और सिक्योरिटी गार्ड नोहर देवांगन से मारपीट कर उसके चाकू लगा दिया। इसके बाद उसे कमरे में लॉक करके लॉकर से 1 लाख 34 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। पुलिस इस प्रकरण में भी आरोपी का सुराग तक नहीं लगा पाई है।