87 केंद्रों पर 32,723 परीक्षार्थी मैट्रिक व 52 केंद्रों पर 32,243 देंगे इंटर की परीक्षा

सिटी रिपोर्टर | रांची झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से आयोजित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर बुधवार को समाहरणालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने की। इसमें जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार सहित जिले के सभी परीक्षा केंद्रों के अधीक्षक उपस्थित रहे। बैठक में परीक्षा की निष्पक्षता, सुरक्षा, अनुशासन एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। मैट्रिक परीक्षा के लिए जिले में 87 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 32,723 परीक्षार्थी शामिल होंगे। ये केंद्र जिला मुख्यालय, अनुमंडल एवं संबंधित प्रखंड मुख्यालयों में स्थित हैं। वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 52 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 32,243 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। ये केंद्र मुख्य रूप से जिला मुख्यालय एवं बुंडू अनुमंडल (खलारी एवं सिल्ली प्रखंड सहित) में बनाए गए हैं। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों, स्कूल–कॉलेज प्रबंधन एवं परीक्षार्थियों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके। प्रश्न-पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय परीक्षाएं 3 फरवरी से 23 फरवरी तक संचालित होंगी। मैट्रिक परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 09:45 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक तथा इंटरमीडिएट परीक्षा द्वितीय पाली में अपराह्न 02:00 बजे से 05:15 बजे तक आयोजित होगी। प्रश्न-पत्र वितरण के लिए पांच मिनट का अतिरिक्त समय तथा परीक्षार्थियों को प्रश्न-पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *