दोरनापाल| सुकमा जिले के 10 से ज्यादा नक्सल प्रभावित गांवों में आजादी के बाद पहली बार शान से तिरंगा लहराया। जिले के तुमालभट्टी, वीरागंगलेर, मैता, पालागुड़ा, गुंडाराजगुंडेम, नागाराम, वंजलवाही, गोगुंडा, पेदाबोडकेल व उरसांगल में ग्रामीणों ने नक्सल दहशत को मात देकर तिरंगे के सम्मान में भारत माता के जयकारे लगाए। इसके पीछे नए सुरक्षा कैंप व पुलिस की मौजूदगी से ग्रामीणों में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण सबसे बड़ा कारण बना है। इसके साथ ही जिले के सभी थानों, कैंपों में गणतंत्र दिवस मनाया गया। गणतंत्र दिवस पर 10 गांवों में तिरंगा लहराता देख ग्रामीणों की आंखों में खुशी, आत्मविश्वास और सुरक्षित भविष्य की नई उम्मीद दिखी।


