न्यायालय परिसर में हंगामा, दो पक्षों में जमकर चले लात- घूंसे

आगर मालवा| जिले में बुधवार दोपहर न्यायालय परिसर में जमीन विवाद में पेशी पर आए दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कोई कुछ समझता उससे पहले मामला मारपीट तक पहुंच गया। कुछ देर के लिए कोर्ट परिसर अखाड़े में बदल गया। खास बात ये है कि ये पूरा तमाशा पुलिस एवं वकीलों के सामने ही हो रहा था। जानकारी के अनुसार ग्राम भादवा निवासी बहादुर पिता बने सिंह राजपूत 32 वर्ष, गोविन्द सिंह पिता बने सिंह आयु 35 वर्ष और दूसरे पक्ष के राजेंद्र सिंह पिता ईश्वर सिंह आयु 35 वर्ष, ईश्वर सिंह पिता हिन्दू सिंह आयु 55 वर्ष बुधवार को पुराने जमीन विवाद की पेशी के लिए न्यायालय पहुंचे थे। पेशी से पहले ही किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। पहले तो यह बहस शब्दों तक सीमित रही, लेकिन देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट तक बात पहुंच गई। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े और लात-घूंसे चलने लगे। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से दोनों पक्षों को काबू में लिया गया और मारपीट में शामिल सभी लोगों को पकड़कर कोतवाली थाने ले जाया गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *