लुधियाना के जसोवाल स्थित हार्वेस्ट टेनिस एकेडमी में 3 से 8 फरवरी, 2026 तक जूनियर एशियन सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में एशिया के 23 देशों से 600 खिलाड़ी और लगभग 100 सपोर्ट स्टाफ शामिल होंगे। कुल मिलाकर करीब 700 लोगों की मौजूदगी से लुधियाना एक बार फिर खेलों के अंतरराष्ट्रीय नक्शे पर उभरने जा रहा है। चैंपियनशिप को लेकर सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन पंजाब की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। हार्वेस्ट टेनिस एकेडमी में मुकाबलों के लिए 10 अंतरराष्ट्रीय मानकों के कोर्ट तैयार किए गए हैं। सभी विदेशी और भारतीय टीमें 3 फरवरी से पहले लुधियाना पहुंच जाएंगी। 23 देशों के 600 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, 3 फरवरी से पहले पहुंचेंगी भारतीय टीमें अंतरराष्ट्रीय मानकों पर तैयार कोर्ट। खिलाड़ियों-अधिकारियों के ठहरने के लिए फाइव स्टार होटलों में व्यवस्था की गई है, जबकि टीमों के आवागमन के लिए विशेष बसों का इंतजाम किया गया है। चैंपियनशिप में अंडर-15, अंडर-18 और अंडर-21 वर्ग के खिलाड़ी अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में कोरिया, जापान, चीन, चाइना ताइपाई, नेपाल, भूटान, श्रीलंका, इंडोनेशिया, फिलीपींस सहित कुल 23 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। हालांकि वीजा न मिलने के कारण पाकिस्तान की टीम प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकेगी। सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन पंजाब के जनरल सेक्रेटरी नरिंदर पाल सिंह ने बताया कि एशियन चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी की जा रही हैं। यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच देगा, बल्कि लुधियाना की खेल और पर्यटन पहचान को भी मजबूती प्रदान करेगा। वीजा न मिल पाने से पाकिस्तान की टीम नहीं आ पा रही। हार्वेस्ट टेनिस एकेडमी में उद्घाटन के दौरान गायक नछत्तर सिंह परफार्मेंस देंगे। जनरल सेक्रेटरी ने बताया कि मैच रात में भी होंगे। बता दें कि एकेडमी में फ्लड लाइट आदि की व्यवस्था है।


