हिमाचल की राजधानी शिमला समेत राज्य के ऊंचे पहाड़ों पर मंगलवार को फिर से ताजा हिमपात हुआ। शिमला में दोपहर एक बजे कुछ देर बर्फ के फुहार गिरी। कुफरी और नारकंडा में भी दोपहर 12 बजे के बाद फ्रैश स्नोफॉल हुआ। इससे सड़क पर फिसलन बढ़ गई और हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लगा। चंबा के भरमौर में शाम 5 बजे तक 6 इंच, स्पीति में 2 इंच, रोहतांग में 7 इंच, गोंदला में 8 इंच, केलांग में 4 इंच ताजा फ्रैश स्नोफॉल हुआ। किन्नौर, कुल्लू और लाहौल स्पीति में भी दोपहर बाद से बर्फबारी जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने शाम छह बजे ताजा बुलेटिन जारी कर कल सुबह 9 बजे तक चंबा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल स्पीति और शिमला के कुछेक स्थानों पर भारी हिमपात की चेतावनी दी है। इसे देखते हुए टूरिस्ट समेत लोकल लोगों को अधिक ऊंचे क्षेत्रों की यात्राएं टालने की सलाह दी गई है और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है। शिमला में झूम उठे टूरिस्ट शिमला के रिज व कुफरी में बर्फ देखकर टूरिस्ट खुशी से झूम उठे। मगर कुफरी गए पर्यटकों को लंबे ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। फागू से छराबड़ा के बीच दोपहर एक बजे से ही लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। सड़क पर फिसलन बढ़ने से कई गाड़ियां फागू-कुफरी के बीच फंस गई है। आज रात में तूफान की चेतावनी मौसम विभाग ने स्नोफॉल के साथ आज रात में सभी जिलों में तूफान की भी चेतावनी दे रखी है। कई क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तूफान चल सकता है।किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोड़कर अन्य सभी जिलों में शीतलहर का भी अलर्ट है। बिलासपुर और ऊना जिला में कुछेक स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। आज दिन के वक्त भी शिमला समेत कई भागों में तूफान और शीतलहर चलने से तापमान में बड़ी गिरावट आई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे गिर गया है। ऊना के तापमान में सबसे ज्यादा 9 डिग्री की गिरावट आने के बाद तापमान 12.8 डिग्री रह गया है। 31 जनवरी को फिर अच्छी बारिश-बर्फबारी कल से वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर पड़ेगा। इससे 28 व 29 जनवरी को केवल अधिक ऊंचे क्षेत्रों में ही हल्की बारिश-बर्फबारी होगी। निचले इलाकों में मौसम साफ रहेगा। 30 जनवरी को मौसम पूरे प्रदेश में साफ हो जाएगा। 31 जनवरी को फिर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। इससे दो फरवरी तक अच्छी बारिश-बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। खासकर एक फरवरी को ज्यादातर भागों में बारिश-बर्फबारी होगी। प्रदेश में 3 NH समेत 750 सड़कें प्रदेश में बीते शुक्रवार की भारी बारिश-बर्फबारी के कारण पहले ही 3 नेशनल हाईवे समेत 750 सड़कें, 1500 बिजली के ट्रांसफॉर्मर और 175 पेयजल योजनाएं ठप पड़ी है। आज फिर से शिमला, चंबा, कुल्लू और लाहौल स्पीति में कई सड़कों पर आवाजाही बाधित हुई है। इससे लोकल लोगों के साथ साथ आम जनता भी परेशान है। कुल्लू में कल भी शिक्षण संस्थान बंद वहीं मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए कल भी बंजार, कुल्लू और मनाली डिवीजन में सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। आज भी डीसी कुल्लू तोरुल एस रवीश ने छुट्टी के आदेश कर रखे थे। DC कुल्लू ने बताया- भारी बर्फबारी के कारण सड़कें अवरुद्ध हुई है। इसे देखते हुए यह फैसला लिया गया है। हिमाचल में बर्फबारी के PHOTOS..


