राठौड़ ने कहा-विकास कार्यों में आमजन की हो भागीदारी, चूरू बने आदर्श और विकसित शहर

भास्कर संवाददाता | चूरू बूंटिया रोड पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ व विधायक हरलाल सहारण ने बूंटिया रोड पंप हाउस का उद्घाटन किया। इस दौरान नगर परिषद की विकास विवरणिका का विमोचन किया तथा नगर परिषद आपके द्वार अभियान व एक रोटी गाय के नाम का भी शुभारंभ किया। राठौड़ ने कहा कि चूरू आदर्श और विकसित शहर बने। आमजन को निकाय स्तर पर सुलभ सुविधाओं की दिशा में कार्य किया जा रहा है। शहरवासी शहर के विकास कार्यों में भूमिका निभाएं। सहारण ने कहा कि शहर की ड्रेनेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ यह पंप हाउस मानसून और सामान्य दिनों में पानी निकासी की समस्या को खत्म कर आमजन को बड़ी राहत प्रदान करेगा। बसंत शर्मा व वासुदेव चावला ने भी विचार व्यक्त किए। नगर परिषद आयुक्त अभिलाषा सिंह ने बताया कि बूंटिया रोड क्षेत्र लो लेवल एरिया होने व पूर्व में डाली गई ड्रेनेज लाइन का लेवल सही नहीं होने, आस-पास के वार्डों का बरसाती पानी भी इस क्षेत्र में जमा होने तथा पानी का डिस्पोजल पोइंट नहीं होने के कारण पिछले कई वर्षों से स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस क्षेत्र में पानी निकासी की समस्या के स्थाई समाधान के लिए 49.95 लाख की लागत से पंपिंग स्टेशन बनवाया है। पाइपलाइन व मोटर पंप सेट कार्य भी किए गए हैं। इस अवसर पर सीताराम लुगरिया, विमला गढवाल, अभिषेक चोटिया, सीपी शर्मा, गोपाल बालाण, धर्मेंद्र राकसिया आदि उपस्थित थे। अतिथियों ने नगरपरिषद की तरफ से वर्तमान सरकार के 2 वर्ष के कार्यकाल के दौरान किए गए नवाचार व विकास कार्यों पर आधारित विकास विवरणिका का विमोचन किया। आयुक्त अभिलाषा ने बताया कि नगर परिषद आपके द्वार अभियान का भी शुभारंभ किया है जो 11 मार्च तक चलेगा। इस दौरान पूर्व में चिन्हित व मौके पर विकास कार्य संबंधित शिकायत का भी निवारण किया जाएगा। एक रोटी गाय के नाम अभियान के तहत शहर के हर घर को गो सेवा से जोड़ने के लिए शहरवासी अपने घर में बनने वाली पहली रोटी गो माता के लिए निकालेंगे, जिसका ऑटो टिपरों के माध्यम से घर-घर से संग्रहण होगा। संग्रहित रोटियों को गोशालाओं में पहुंचाया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *