ग्वालियर सेंट्रल जेल में बंद हत्या के आरोपी ने समझौता कराने के लिए अपनी बहू की बहन को मोहरा बनाकर फर्जी दुष्कर्म की साजिश रची। उस पर जमीन विवाद में एक बुजुर्ग महिला की हत्या का आरोप है। इसी केस को कमजोर करने के लिए मुख्य गवाह पर झूठा मामला दर्ज कराने की कोशिश थी। हालांकि, पुलिस को आए एक फोन से पूरा षड्यंत्र नाकाम हो गया। अब पुलिस हत्या के आरोपी और उसकी बहू की बहन पर मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है। मामले का मास्टरमाइंड मान सिंह जाटव तीन महीने पहले बेलगढ़ा इलाके में 67 वर्षीय कुसुम बाई की हत्या के मामले में जेल में बंद है। इस हत्याकांड का चश्मदीद गवाह मृतका का नाती आकाश प्रजापति है, जो टैक्सी चलाता है। आरोपी पक्ष ने कई बार आकाश से समझौता करने की कोशिश की लेकिन उसने मना कर दिया। टैक्सी बुक कर जंगल गई महिला, फिर केस कराया
मान सिंह जाटव ने अपनी बहू की बहन को इस षड्यंत्र में शामिल किया। इसके मुताबिक, 1 फरवरी 2025 को महिला ने थाने पहुंचकर टैक्सी चालक आकाश प्रजापति पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। महिला ने पुलिस को बताया कि उसने आकाश की टैक्सी मोहना गुरुद्वारा जाने के लिए बुक की थी। पहले वे मोहना गुरुद्वारा गए, वहां 10 मिनट रुकने के बाद महिला ने कुछ रील्स और फोटो शूट के लिए जंगल की ओर गाड़ी ले जाने को कहा। इसी बीच टैक्सी चालक आकाश घाटीगांव के पास घने जंगल में टैक्सी को खड़ा कर उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। जब उसने विरोध जताया तो आरोपी ने धमकाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे छोड़कर भाग गया। घटनास्थल की पड़ताल में नहीं हुई वारदात की पुष्टि
महिला की शिकायत पर पुलिस ने आकाश को पकड़ लिया। टैक्सी भी जब्त कर ली लेकिन एफआईआर से पहले पुलिस ने छानबीन की तो कहानी में कई जगह पेंच नजर आए। इस पर पुलिस ने जिस जगह से महिला ने टैक्सी हायर की थी, वहां पहुंचकर जांच की। जंगल में जहां वारदात को अंजाम देने की बात कही गई थी, वहां भी पड़ताल की गई लेकिन घटना की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। एक फोन कॉल ने किया षड्यंत्र को फेल
जांच के दौरान पता लगा कि महिला ने शनिवार दोपहर 3:30 बजे पुलिस को फोन कर अपने साथ रेप किए जाने की सूचना दी थी। लेकिन इससे पहले 12:30 बजे भी महिला ने पुलिस को कॉल किया था। इस कॉल पर बात नहीं हो पाई थी। महिला ने पहला कॉल क्यों किया था, पुलिस की जांच इस पॉइंट पर आ अटकी। उसके बताए गए घटनास्थल पर भी वारदात की पुष्टि नहीं हुई थी। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो शनिवार रात 11 बजे महिला ने कबूल कर लिया कि वह झूठा आरोप लगा रही थी। इसके बाद वह थाने से भाग निकली। बहू की बहन को किया साजिश में शामिल
अब पुलिस ने मामले की नए सिरे से जांच शुरू की। पता चला कि तीन महीने पहले बेलगढ़ा इलाके में 67 साल की कुसुम बाई की गांव के ही मान सिंह जाटव, नारायण प्रजापति और हाकिम प्रजापति ने हत्या कर दी थी। इस मामले में सभी आरोपी जेल में हैं। हत्याकांड का चश्मदीद और कुसुम का नाती आकाश प्रजापति राजीनामा नहीं कर रहा था। मान सिंह ने सजा से बचने के लिए उसे फंसाने का प्लान बनाया। वह घर की किसी महिला का इस्तेमाल नहीं कर सकता था इसलिए बहू की बहन को इस काम के लिए तैयार किया। फिलहाल, पुलिस यह पता लगा रही है कि महिला को इस काम के लिए पैसों का ऑफर दिया गया था या संबंधों के आधार पर साजिश में शामिल हुई थी। 8 दिन से योजना बना रही थी महिला
जब पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो पता लगा कि वह आकाश को रेप के केस में फंसाने के लिए 8 दिन से योजना बना रही थी। शनिवार को उसने पूरी प्लानिंग के तहत आकाश की गाड़ी किराए पर ली। इससे मोहना गुरुद्वारा पहुंची। यहां कुछ मिनट रुकने के बाद वह टैक्सी लेकर घाटीगांव के जंगल गई। जंगल में कुछ वीडियो और फोटो लिए। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी। जमीन विवाद में की गई थी कुसुम की हत्या
आकाश की नानी कुसुम बाई की हत्या जमीन विवाद में की गई थी। वह ग्वालियर के बेलगढ़ा में अपने पति के साथ रहती थी। तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है। तीन महीने पहले रात करीब 9 बजे पड़ोसियों ने उनके घर का दरवाजा खुला देखा। अंदर जमीन पर महिला पड़ी हुई थी। लोगों ने महिला के पति को इसकी जानकारी दी। पति खेत से घर आया। बेटियों और रिश्तेदारों को कुसुम की मौत की सूचना दी। सभी इसे सामान्य मौत मान रहे थे। अगले दिन सुबह 8 बजे परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी देखा कि कुसुम के गले पर उंगलियों के निशान थे। घर की महिलाएं जब शव के कपड़े बदल रही थीं तो प्राइवेट पार्ट पर ब्लीडिंग भी दिखी। परिजन ने पुलिस को सूचना दी। जांच में पता चला कि कुसुम का मंगलसूत्र और सोने का पेंडल गायब थे जबकि कानों की बाली और नाक की लौंग मौजूद थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। पड़ताल के दौरान जमीन विवाद में मान सिंह और उसके साथियों द्वारा हत्या किए जाने की बात सामने आई। आरोपी महिला की जमीन खरीदना चाहते थे लेकिन वह तैयार नहीं थी इसीलिए उसकी हत्या की गई। ये खबर भी पढ़ें… ग्वालियर में 7वीं की स्टूडेंट से रेप ग्वालियर में 7वीं की छात्रा के साथ रेप का मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाला युवक उसे बहलाकर साथ ले गया था। सुनसान इलाके में ले जाकर लड़की को डराया-धमकाया। वारदात के बाद उसे वहीं छोड़कर चला गया। सहमी हुई छात्रा रातभर वहीं बैठकर रोती रही। सुबह होने पर घर पहुंची। परिजन की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार सुबह आरोपी सोहेल खान (26) को पकड़ लिया। पढ़ें पूरी खबर…


