भास्कर न्यूज |लुधियाना 23 जनवरी को लुधियाना में एमबीए छात्र की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। मृतक और आरोपी न सिर्फ अच्छे दोस्त थे, बल्कि दोनों मिलकर कारोबार शुरू करने की तैयारी भी कर रहे थे। पैसों के लेन-देन को लेकर चल रहा विवाद देखते ही देखते खूनखराबे में बदल गया। मृतक की पहचान राजवीर सिंह खैहरा के रूप में हुई है, जो पंजाब यूनिवर्सिटी के रीजनल सेंटर, एक्सटेंशन लाइब्रेरी, लुधियाना से एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। वहीं आरोपी जुगाद सिंह सेखों भी उसी संस्थान का एमबीए छात्र है। दोनों की मुलाकात एडमिशन के बाद हुई थी और धीरे-धीरे दोस्ती गहरी हो गई। पुलिस के मुताबिक दोनों जल्द ही स्पेयर पार्ट्स का कारोबार शुरू करने वाले थे। इसी दौरान पैसों को लेकर उनके बीच तनाव चल रहा था। हत्या वाले दिन दोनों एक ही कार में कहीं जा रहे थे। रास्ते में लेन-देन को लेकर बहस हुई, जो अचानक झगड़े में बदल गई। झगड़े के दौरान आरोपी जुगाद सिंह ने अपनी पिस्तौल निकालकर राजवीर सिंह पर गोली चला दी। गोली लगते ही राजवीर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के पिता जसवीर सिंह (58) निवासी जगजीत नगर, थरीके रोड ने पुलिस को बताया कि करीब दो महीने पहले जुगाद सिंह उनके घर आया था और उस समय उसके पास हथियार भी था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और वह लाइसेंसी था या अवैध। पीएयू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की विशेष रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों और अदालत में भेज दी गई है।


