भास्कर न्यूज | जालंधर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, दिलबाग नगर में धन्न-धन्न शहीद बाबा दीप सिंह जी का जन्म दिवस पाहवा व अरोड़ा परिवार द्वारा प्रबंधक कमेटी के सहयोग से श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाया गया। प्रबंधक राजकुमार पाहवा ने बताया कि समागम की शुरुआत सुबह 10 बजे गुरुद्वारा साहिब की स्त्री सत्संग सभा की बीबियों द्वारा श्री सुखमनी साहिब के पाठ से हुई। इसके उपरांत हजूरी रागी भाई प्रीतम सिंह सीतल ने गुरबाणी कीर्तन की हाजिरी लगाई। कथावाचक भाई गुरलाल सिंह ने संगत को शहीद बाबा दीप सिंह जी के जीवन इतिहास से अवगत करवाया। वहीं, पंजाब के रफी व पंथक कवि रछपाल सिंह पाल ने वीर रस से भरपूर कविताएं प्रस्तुत कीं, जिन्हें संगत ने जयकारों के साथ सराहा। समागम के अंत में पंथ प्रसिद्ध रागी भाई ब्रह्मजोत सिंह (गोपाल नगर) ने मधुर वाणी में गुरबाणी कीर्तन से संगत को निहाल किया। इस दौरान मिसल जस्सा सिंह रामगढ़िया के बाबा बलजीत सिंह खालसा अपनी निहंग सिंह फौज सहित, गोल्डी भाटिया, इश्तप्रीत सिंह (श्री गुरु हरगोबिंद सेवा सोसाइटी) व नरेंद्र सिंह चीमा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब के प्रधान जोगिंदर सिंह, स्त्री सत्संग सभा की प्रधान बीबी जसविंदर कौर बांसल सहित सभा की सदस्याएं, साक्षी पाहवा आदि मौजूद रहे।


