साहब! नाली का पानी ‘शुद्ध’ कैसे? पीकर दिखाइए:भोपाल में सैंपलिंग के नाम पर छल; 11 पैरामीटर में से सिर्फ क्लोरिन की ही जांच

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हर मंगलवार को जल सुनवाई करने के आदेश दिए हैं। भोपाल के सभी 85 वार्डों में भी 2 घंटे तक जल सुनवाई की जाती है, लेकिन सैंपलिंग के नाम पर ‘छल’ हो रहा है। वार्डों में मौजूद कर्मचारी केवल 10 मिलीलीटर पानी में 3 बूंद क्लोरीन मिलाकर जांच कर रहे हैं, जबकि आदेश के अनुसार 11 पैमानों पर पानी की जांच करनी है। इस बीच, नाली के पानी को ‘शुद्ध’ बताने पर विपक्ष ने ‘शहर सरकार’ को जमकर घेरा है। दैनिक भास्कर की पड़ताल में सामने आया है कि वार्डों में न तो पानी का टीडीएस (टोटल डिसोल्वड सोलिड्स) और न ही रंग-स्वाद को लेकर कोई जांच हो रही है। कर्मचारी पानी को शुद्ध बताते हुए लोगों को रवाना कर देते हैं। दूसरी ओर, शहर के 20 से ज्यादा इलाकों में अभी भी गंदे पानी की शिकायतें सामने आ रही हैं। समझा जा सकता है कि नगर निगम प्रशासन पानी को लेकर कितना गंभीर है। इस मंगलवार को जल सुनवाई के रियलिटी चेक में कर्मचारी ने 15 सेकंड में ही नाली के पानी को ही ‘शुद्ध’ बता दिया था। इसके बाद बुधवार को निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने जिम्मेदार अफसरों को प्रशिक्षित कर्मचारी के जरिए ही जांच करने और लैब में टेस्टिंग के आदेश दिए हैं। उन्होंने भास्कर की खबर के बाद सभी अफसरों से कहा है कि बाकी पैरामीटर पर भी जांच करें। ताकि, कहीं गंदा पानी आ रहा है तो सैंपल लेकर जांच हो सके। अब जानिए, 3 जल सुनवाई में क्या हुआ?
भोपाल में पहली जल सुनवाई 13 जनवरी, दूसरी 20 जनवरी और तीसरी 27 जनवरी को हुई। इनमें 2585 जगहों से कुल 6519 सैंपल लिए गए। दावा है कि इन सैंपल की जांच 8 लैब में कराई गई। ज्यादातर में पानी को ‘शुद्ध’ ही बताया गया। दूसरी ओर, वार्ड ऑफिस में सैंपलिंग के नाम पर ‘छल’ ही हो रहा है, क्योंकि 11 में से सिर्फ 1 क्लोरिन की जांच ही की जा रही है। जबकि भोपाल में 20 से ज्यादा ऐसे इलाके हैं, जहां पर गंदा पानी सप्लाई हो रही है। खानूगांव, आदमपुर छावनी और वाजपेयी नगर के ग्राउंड वाटर के 4 सैंपल फेल हो चुके हैं। यहां के पानी में ‘ई-कोलाई’ बैक्टीरिया मिला था। बाद में इस पानी के उपयोग पर रोक लगा दी गई थी। यही बैक्टीरिया इंदौर के भागीरथपुरा में मिला था। गंदा पानी और निगम का साफ झूठ…ये पढ़िए प्रेम नगर के बुजुर्ग रामचंद्र तिवारी ने बताया कि 8 दिन से गंदा पानी पीने को मजबूर है। नई लाइन अब तक चालू नहीं की है। निगम पुरानी लाइन से ही पानी की सप्लाई कर रहा है। कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। ऐसे तो बीमार हो जाएंगे। ऐशबाग के सैयद अलमास अली ने बताया कि ऐशबाग, जनता क्वार्टर समेत कई इलाकों में गंदे पानी की सप्लाई की जा रही है। इसे लेकर कई बार निगम को जानकारी दे चुके हैं, लेकिन लोगों को साफ पानी नहीं मिल रहा है। यदि ऐसा ही चलता रहा तो बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। यदि वार्ड में पानी की जांच नहीं तो महापौर हेल्प लाइन पर शिकायत करें
यदि वार्ड में आपके पानी की जांच नहीं की जा रही है तो महापौर हेल्प लाइन में शिकायत करें। महापौर हेल्प लाइन का नंबर-155304 है। इसके अलावा सीएम हेल्प लाइन में भी शिकायत की जा रही है। ऐसा करने से जिम्मेदारों को तय समय सीमा में जांच करना पड़ेगी और कोई गड़बड़ी नहीं कर सकेंगे। INC ने कहा- एमपी के पानी को क्लीन चिट
भोपाल में नाली के पानी को भी शुद्ध बताने की खबर के बाद नेशनल कांग्रेस ने ट्विट किया। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि मध्यप्रदेश में अब नाले के पानी को भी ‘क्लीन चिट’ मिलने लगी है। चौंकिए मत! यही इस सरकार की हकीकत है। सरकारी कर्मचारियों ने टेस्टिंग के नाम पर नाले के पानी को ‘साफ’ घोषित कर दिया। जिस प्रदेश में गंदा पानी पीने से लोगों की मौत हो चुकी हो, वहां ऐसी आपराधिक लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जा सकती। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने X पर लिखा पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने लिखा
भोपाल में नाली का गंदा एवं बदबूदार पानी भी जांच में “पीने योग्य” घोषित। 15 सेकंड के क्लोरीन टेस्ट से गंदे पानी को क्लीन चिट, ये सिर्फ घोर लापरवाही नहीं, जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ है। इंदौर के भागीरथपुरा में 28 मौतों के बाद भी सरकार नहीं चेती, जल सुनवाई सिर्फ दिखावा बन चुकी है। जब सरकारी रिपोर्ट में पानी पीने साबित हो गया तो मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों पानी पीना चाहिए। क्या ट्रिपल इंजन की सरकार अगली त्रासदी का इंतजार में है? ये खबर भी पढ़ें… नाली के पानी को निगम ने बताया ‘शुद्ध’…पीने लायक! भोपाल में नाली का पानी भी पीने लायक है। ये हम नहीं कह रहे, बल्कि नगर निगम के अमले ने जल सुनवाई के दौरान वाटर टेस्टिंग के बाद इसे माना है। जी हां, नाली के पानी को वार्ड ऑफिस में महज 15 सेकंड में हुए टेस्ट में ‘शुद्ध’ बता दिया गया। इससे समझा जा सकता है कि भोपाल के किसी भी वार्ड में इंदौर के भागीरथपुरा जैसे हालात कभी भी बन सकते हैं। पूरी खबर पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *