पुलिस के हाथ लगा शातिर ठग:छात्र को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देने वाला ठग भिंड से पकड़ा

ग्वालियर में आर्मी में नौकरी लगवाने के नाम पर छात्र से लाखों रुपए ऐंठने वाले ठग को ग्वालियर थाना पुलिस ने भिण्ड से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले दो साल से पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस अब पकड़े गए ठग से पूछताछ कर पता लगा रही है कि छात्र के अलावा उसने और किस-किस को ठगा है।
ग्वालियर थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ बेग ने बताय कि रवि सिंह सेंगर छात्र है और तीन साल पहले उसकी मुलाकात फूफ जिला भिण्ड निवासी सतीश खटीक पुत्र रमेश खटीक से हुई थी। मुलाकात के बाद उनके बीच अच्छे संबंध बन गए थे और सतीश ने रवि को बताया कि वह उसकी आर्मी में नौकरी लगवा सकता है। इसके बाद वह तैयार हो गया और उसकी मांग के अनुसार उसे ढाई लाख रुपए दे दिए। रुपए लेने के कई माह तक वह उसे टहलाता रहा और हर बार अफसरों के छुट्टी पर होने की कहकर उसे चलता कर देता था। साथ ही उसे आश्वासन देता था कि उसका काम हो गया है और वह अपने परिचितों को ले आए तो उनकी भी नौकरी लगवा देगा।
ज्वाइनिंग लेटर निकला फर्जी
जब रवि ने ज्यादा दबाव बनाया तो सतीश ने उसे आर्मी में ज्वाइनिंग लेटर दे दिया। ज्वाइनिंग लेटर नागालैण्ड का था तो रवि पूरी तैयारी कर नागालैण्ड पहुंचा, जहां पर पता चला कि उसके पास जो ज्वाइनिंग लेटर है वह तो फर्जी है। इसका पता चलते ही वह आरोपी से मिला तो आरोपी कुछ गलती बताते हुए समय मांगा और जब वह परेशान हो गया तो आरोपी की शिकायत पुलिस से की। शिकायत करते ही आरोपी फरार हो गया।
घर आया तो उठा लाई पुलिस
पिछले दो साल से पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही थी, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था। दो दिन पहले पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर आया है। इसका पता चलते ही एएसआई हरिराम नागर, प्रधान आरक्षक शिवसिंह, रामराज गुर्जर, अर्पण त्रिपाठी, राहुल सिंह को आरोपी को पकडऩे की जिम्मेदारी दी। जिस पर पुलिस टीम भिण्ड पहुंची और आरोपी को दबोच लिया।
अन्य वारदातों की पूछताछ कर रही पुलिस
पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस ग्वालियर आ गई है और अब पूछताछ करना शुरू कर दिया है कि उसने और किस-किसको ठगा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *