कासं|सवाईमाधोपुर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले में संचालित अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” से प्रेरित होकर जिले की ग्राम खेड़ली कला में वन विभाग से सेवानिवृत्त एवं स्थानीय निवासी आशाराम मीना ने सरकारी विद्यालय के भौतिक विकास के लिए 5 लाख रुपए का चेक जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक देवी लाल मीना की उपस्थिति में संस्था प्रधान हंसराज मीना को सुपुर्द किया है। जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक ने इसे अनुकरणीय पहल बताते हुए भामाशाह का माला पहनाकर सम्मान किया। साथ ही कहा कि भामाशाह की यह पहल ग्रामीण अंचल में शिक्षा के महत्व को लेकर बढ़ती सामाजिक चेतना, सामूहिक जिम्मेदारी एवं जनभागीदारी को दर्शाती है। रामडी पीईईओ शिवचरण मीना ने धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रधानाध्यापक हंसराज मीना ने बताया कि भामाशाह से प्राप्त राशि को मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के लिए जमा कराया जाएगा। राज्य सरकार से देय अनुदान सहित प्राप्त राशि से कक्षा कक्ष का निर्माण एवं अन्य आवश्यक भौतिक विकास कार्य कराया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। इस अवसर पर भामाशाह आशाराम मीना के भाई मीठालाल मीणा, ग्रामीण रतनलाल मीना, रामप्रसाद मीना, भागचंद मीना, रामानंद मीना, अध्यापक ओम प्रकाश मीना सहित स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।


