सीकर में घना कोहरा छाया,न्यूनतम तापमान गिरकर 4.4 डिग्री दर्ज:आज गांवों में विजिबिलिटी 40-50 मीटर, 31‌ जनवरी-1 फरवरी को बारिश की संभावना

सीकर जिले में आज घना कोहरा छाया हुआ है। ग्रामीण इलाकों में विजिबिलिटी 40-50 मीटर है तो वहीं सीकर शहर में भी कोहरे का असर है। हालांकि डेंसिटी ज्यादा होने की वजह से शहर में विजिबिलिटी बढ़ी हुई है। सीकर समेत शेखावाटी इलाके में पिछले एक सप्ताह से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से सीकर समेत पूरा शेखावाटी शीतलहर की चपेट में है। बर्फीली हवाएं नश्तर की तरह चुभ रहीं हैं।
सीकर जिले के फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पर आज सुबह के न्यूनतम तापमान में 5.5 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। आज यहां पर न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले यहां पर 28 जनवरी को न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री और अधिकतम तापमान 20.0 दर्ज किया गया था। सीकर शहर समेत जिले भर में बीती रात से ही घना कोहरा छाने लगा और सुबह 9 बजे तक भी कोहरे का असर लगातार बना हुआ है।
रींगस से गोरिया के बीच व्हीकल ड्राइवर्स को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से गुजरना पड़ रहा है। वहीं, आम जनजीवन भी कोहरे की वजह से प्रभावित नजर आ रहा है। सीकर में बुधवार को दोपहर में अधिकतम तापमान 20 डिग्री के करीब रहने के चलते पूरे दिन भी ठंड का असर रहा। इधर आज सुबह सीकर शहर समेत पूरे जिलेभर में घना कोहरा छाया हुआ है। शिश्यूं-रानोली, बाजौर और डूकिया एरिया में आज घने कोहरे के‌ कारण विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। शहर में भी आज धुंध का असर है लेकिन डेन्सिटी ज्यादा होने के कारण विजिबिलिटी बढ़ी हुई है। लोग सर्दी से बचने के लिए अलाव तापकर सहारा ले रहे हैं।
सीकर समेत पूरा शेखावाटी इलाका पिछले एक सप्ताह से लगातार कड़ाके की ठंड की चपेट में है। वहीं, किसान तेज सर्दी से फसलों को बचाने के लिए कपड़े व तिरपाल से ढककर बचाव कर रहे हैं। मौसम एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिलहाल अभी 3-4 दिन तक सीकर में तेज सर्दी का दौर जारी रहेगा। अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट की संभावना है। 31 जनवरी-1 फरवरी को सीकर में फिर से बारिश की गतिविधियां होने का अनुमान है। अभी सीकर इलाके में बर्फीली हवाओं की वजह से कड़ाके की सर्दी का दौर बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *