यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए भोपाल रेल मंडल ने रेलवे बजट 2026-27 के लिए 214 करोड़ के अहम प्रस्ताव भेजे हैं। इनमें भोपाल के आसपास स्थित मंडीदीप, औबेदुल्लागंज, सूखी सेवनिया, सलामतपुर सहित कुल 53 रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त कवर शेड बनाने का प्रस्ताव प्रमुख है। इसके लिए 42 करोड़ रुपए की राशि रेलवे बजट में शामिल किए जाने का प्रस्ताव भेजा गया है। इस योजना के लागू होने से यात्रियों को धूप, बारिश और तेज गर्मी से राहत मिलेगी। भोपाल रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि मंडल स्तर से जो विकास प्रस्ताव भेजे गए हैं, उनका सीधा लाभ यात्रियों को मिलेगा। रेलवे का उद्देश्य है कि छोटे और मध्यम स्टेशनों पर भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि यात्रियों को स्टेशनों पर प्रतीक्षा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। भीड़ नियंत्रण और यात्री प्रबंधन में भी मदद मिलेगी भोपाल रेल मंडल के 53 एनएसजी-6 श्रेणी के स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म पर अतिरिक्त कवर शेड लगाए जाएंगे। फिलहाल इन स्टेशनों पर शेड की व्यवस्था अपर्याप्त है, जिससे यात्रियों को मौसम की मार झेलनी पड़ती है। योजना है कि प्लेटफॉर्म के अंतिम छोर तक कवर शेड का विस्तार किया जाए, ताकि अनारक्षित डिब्बों में सफर करने वाले यात्री भी अपने कोच के संभावित स्थान पर आराम से खड़े होकर ट्रेन का इंतजार कर सकें। इससे भीड़ नियंत्रण और यात्री प्रबंधन में भी मदद मिलेगी। 35 फुट ओवरब्रिज पर रैंप… भोपाल रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों पर 35 फुट ओवर ब्रिज पर रैंप बनाने का भी प्रस्ताव भेजा गया है। 70 करोड़ रुपए की इस योजना से दिव्यांगजन, बुजुर्ग को बड़ी सुविधा मिलेगी। अन्य प्रस्ताव भी भेजे हैं… रेल अधिकारियों के अनुसार, कवर शेड के अलावा अन्य विकास कार्यों के प्रस्ताव भी बजट में भेजे गए हैं। इन कार्यों के पूरा होने से भोपाल रेल मंडल में यात्री सुविधाओं का स्तर और बेहतर होगा। रेलवे का मानना है कि लगातार बुनियादी ढांचे के विकास से यात्रियों का भरोसा बढ़ेगा व रेल यात्रा सुविधाजनक बनेगी। 41 प्लेटफॉर्म होंगे हाई लेवल: बीना-गुना और ग्वालियर-मक्सी रेल सेक्शनों के स्टेशनों पर कुल 41 प्लेटफॉर्म को हाई लेवल तक उठाने का प्रस्ताव है। इस पर लगभग 102 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इससे यात्रियों होगी।


