बालाघाट में भटेरा ओवरब्रिज निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य पूरा हो गया है। सात सदस्यीय राजस्व टीम ने 1313 मीटर क्षेत्र का सर्वे कार्य कर लिया है। इस सर्वे में एक से 21 फीट तक की 202 मकान और दुकानें प्रभावित होने वाली हैं, जिन्हें ओवरब्रिज निर्माण के लिए हटाना होगा। सर्वे कार्य दो चरणों में पूरा किया गया। पहले चरण में सेंटमेरी स्कूल से भटेरा रेलवे क्रॉसिंग तक और दूसरे चरण में रेलवे क्रॉसिंग से बस स्टैंड तक का क्षेत्र शामिल किया गया। एसडीएम गोपाल सोनी के नेतृत्व में टीम ने सड़क के मध्यभाग को आधार बनाकर नापजोख की। इसमें लगभग 120 फीट तक की शासकीय भूमि भी चिह्नित की गई है। प्रभावित जमीन मालिकों को सरकारी रेट पर मुआवजा दिया जाएगा। राजस्व टीम अब अपनी विस्तृत रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपेगी, जिसके बाद प्रभावित लोगों को नोटिस जारी कर दावे-आपत्ति आमंत्रित किए जाएंगे। यह परियोजना बालाघाट में सरेखा और गर्रा रेलवे ओवरब्रिज के बाद तीसरा प्रमुख ओवरब्रिज होगा, जो बालाघाट-नैनपुर हाईवे मार्ग पर स्थित होगा। राजस्व विभाग की टीम में राजस्व निरीक्षक तरुण कुमार बिसेन, भोजलाल राहंगडाले के साथ पटवारी दीपक धुवारे, अजीत तिवारी, विजय बिसेन, किशोर पटले और संजीव लिल्हारे शामिल रहे।


