जालंधर | शहर में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पुलिस द्वारा लगाए गए हाईटेक नाके पर उस समय हंगामा हो गया, जब नशे में धुत दो युवकों ने भागने के चक्कर में पुलिस मुलाजिम को टक्कर मार दी। इस हादसे में पुलिसकर्मी समेत बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए हैं। पुलिस ने मौके पर ही बाइक को ज़ब्त कर चालान काट दिया है। तेज रफ्तार बाइक ने पुलिसकर्मी को घसीटा मामला जालंधर रेलवे स्टेशन के बाहर का है। पुलिस प्रशासन द्वारा यहां विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान PB 08 EM 0751 नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए। जब ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो युवकों ने रुकने के बजाय बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। भागने की कोशिश में बाइक असंतुलित हो गई और सीधे ड्यूटी पर तैनात मुलाजिम से जा टकराई। ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में शराब की पुष्टि पकड़े गए युवक की पहचान वंशू के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद ड्यूटी ऑफिसर ने बताया कि युवक बुरी तरह नशे में था। जब उसका मेडिकल टेस्ट (अल्कोहल टेस्ट) किया गया, तो उसमें भारी मात्रा में शराब की पुष्टि हुई। मुख्य बिंदु उम्र: आरोपी युवक करीब 18-19 साल के हैं।लापरवाही: बिना हेलमेट और नशे की हालत में बाइक चला रहे थे। टक्कर के कारण पुलिस मुलाजिम के पैर और शरीर पर चोटें आई हैं, वहीं युवक भी सड़क पर गिरने से जख्मी हुए। घबराकर बढ़ा दी थी रेस पूछताछ के दौरान चालक के साथी ने कैमरे पर स्वीकार किया कि उसका दोस्त नशे में था। उसने बताया, “पुलिस को देख कर वह घबरा गया और अचानक रेस बढ़ा दी, जिस वजह से यह हादसा हुआ।” पुलिस अधिकारियों ने युवकों को लताड़ लगाते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा के लिए ही नाके लगाए जाते हैं, लेकिन ऐसी हरकतें जानलेवा साबित हो सकती हैं। पुलिस की सख्त कार्रवाई पुलिस ने मौके पर ही मोटरसाइकिल का भारी-भरकम चालान काटा है। ड्यूटी ऑफिसर ने बताया कि युवकों के पास ओरिजिनल दस्तावेज भी नहीं थे। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कागजात पेश नहीं किए गए, तो वाहन को पूरी तरह से बॉन्ड (जब्त) कर दिया जाएगा।


