ग्वालियर में तहसीलदार शत्रुघन सिंह चौहान पर पत्नी बनाकर 17 साल तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाने वाली महिला मंगलवार दोपहर पुलिस जनसुनवाई में पहुंची है। महिला ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही आरोप लगाया है कि पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है, बचा रही है। इस दौरान महिला ने आरोप लगाया है कि शहर के ही एक SDM जो उनके विभाग के हैं। वह तहसीलदार की मदद कर रहे हैं। पीड़िता ने SDM का नाम नहीं बताया है। महिला का कहना है कि समय आने पर जरूरत पड़ी तो यह नाम भी सार्वजनिक करुंगी। महिला पुलिस पर तहसीलदार की गिरफ्तारी पर ढीला रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि, जमानत निरस्त होने के बाद भी इनाम घोषित नहीं किया गया है। महिला के शिकायती आवेदन पर महिला थाना प्रभारी दीप्ति सिंह का कहना है कि, तहसीलदार की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वारंट निकाले जा रहे हैं। जल्द इनाम भी घोषित किया जाएगा। जनसुनवाई में महिला ने शिकायती आवेदन देकर अफसरों से गिरफ्तारी की मांग की है। महिला ने पुलिस अफसरों से पूछा है कि, जब आरोपी की जमानत याचिका निरस्त हो गई है तो उसे गिरफ्तार करने में पुलिस इतना ढीला रवैया क्यों अपना रही है। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि तहसीलदार बाहर रहते हुए उन पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। महिला ने कहा कि, मेरी जान को खतरा है और मुझे मैसेंजर कॉल, इंस्टाग्राम कॉल पर धमकी दी जा रही हैं। इतना ही नहीं एक वॉयस कॉल से मेरे बेटे को मिलने के लिए बाहर बुलाया जा रहा था। मुझे आशंका है कि, मेरे बेटे के अपहरण का भी प्रयास किया जा सकता है। पुलिस तहसीलदार को पकड़ने में ढीला रवैया अपना रही है। शहर के थाटीपुर एरिया में रहने वाली एक 34 वर्षीय महिला ने तहसीलदार शत्रुघन सिंह चौहान पर गंभीर आरोप लगाते हुए दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। पीड़ित महिला ने बताया है कि, वह भिंड की रहने वाली है। साल 2005-06 में उसकी शादी हुई थी। दो साल बाद उसके पति का देहांत हो गया था। साल 2008 में शत्रुघन सिंह चौहान का उसके जेठ के पास आना जाना था। इसके बाद उन्होंने मेरे जेठ को धंधे में फायदा पहुंचाकर जबरन मुझे हासिल किया। मुझसे शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाने लगे। 10 अगस्त 2008 को भिंड मानगढ़ महिला के घर आकर रात 10.30 बजे उससे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसी साल वह नायब तहसीलदार बन गए। इसके बाद वह लगातार मेरा शारीरिक शोषण करते रहे। साल 2010 में रतनगढ़ माता मंदिर पर मांग में सिंदूर भरकर मुझसे शादी की नौटंकी की थी। इसके बाद जहां-जहां पोस्टिंग रही वहां-वहां रखा और संबंध बनाए। मेरा खर्चा भी वहीं उठाए थे। महिला का आरोप है कि, इसके बाद साल 2014 में उनसे एक बेटे का जन्म हुआ है। जिसका डीएनए टेस्ट कभी भी करा सकते हैं। इसके बाद ग्वालियर के महिला थाना में 15 जनवरी की रात तहसीलदार शत्रुघन सिंह चौहान के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की FIR दर्ज हुई थी। पुलिस बोली- गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रहे महिला थाना प्रभारी दीप्ति सिंह का कहना है कि पुलिस तहसीलदार को गिरफ्तार करने के लिए प्रयास कर रही है। लगातार दबिश दी जा रही हैं। जल्द इनाम भी घोषित किया जाएगा। आरोपी की मदद करने वाले एसडीएम के नाम पर बोली हैं कि आवेदन में क्या लिखा है अभी देखा नहीं है।


