हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव की आज फिर होगी मतगणना

झारखंड हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव की बुधवार को दोबारा मतगणना होगी। हाईकोर्ट परिसर में सुबह 11:30 बजे से मतगणना शुरू होगी, जो शाम तक चलेगी। झारखंड स्टेट बार काउंसिल ने पर्यवेक्षकों व सदस्यों की समिति की रिपोर्ट के आधार पर एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव की मतगणना कराने का निर्देश दिया है। काउंसिल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि एडवोकेट एसोसिएशन झारखंड हाईकोर्ट के द्विवार्षिक चुनाव के तहत 23 जनवरी को कराए गए मतदान में किसी प्रकार की अनियमितता की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में मतों की गिनती और परिणाम की घोषणा में देरी करने से कोई उद्देश्य पूरा नहीं होगा। काउंसिल ने मतगणना की सूचना प्रशासन को भी दी है, ताकि आवश्यक व्यवस्था की जा सके। मालूम हो कि एडवोकेट एसोसिएशन का चुनाव 23 जनवरी को हुआ था। वोटिंग समाप्त होने पर कुल वोट की संख्या 1409 बताई गई थी, लेकिन काउंटिंग में 1509 वोट मिलने के बाद काफी हंगामा हुआ था। इसके बाद निर्वाची पदाधिकारी ने मतगणना रद्द कर दी थी। दोबारा मतगणना को हाईकोर्ट में चुनौती: बार काउंसिल द्वारा एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव की दोबारा मतगणना कराने के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। चुनाव में उम्मीदवार सह अधिवक्ता नवीन कुमार सिंह ने मंगलवार को हाईकोर्ट में रिट दाखिल करके स्टेट बार काउंसिल के आदेश को रद्द करने की मांग की है। अदालत ने उन्हें संबंधित सभी दस्तावेज कोर्ट में दाखिल करने को कहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *