भोपाल में डेटिंग ऐप्स से युवाओं को फंसाने वाला स्कैम:टिंडर पर मुलाकात, फिर बार का जाल; ‘ड्रंकन गर्ल स्कैम’ में बाइक जब्त हुई

भोपाल में डेटिंग ऐप्स के जरिए युवाओं को फंसाने वाले ‘ड्रंकन गर्ल स्कैम’ का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले एक युवा बिजनेसमैन के साथ 41 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया था, अब इसी पैटर्न पर एक और युवक को शिकार बनाया गया है। इस बार न सिर्फ 32 हजार रुपए का बिल थमाया गया, बल्कि भुगतान न कर पाने पर युवक की बाइक तक जब्त कर ली गई। पीड़ित ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर जीआरपी रानी कमलापति थाने में शिकायत दर्ज कराई है। टिंडर पर ‘कविता’ नाम की लड़की मुलाकात
पीड़ित युवक अनुराग (बदला हुआ नाम) ने बताया कि करीब एक हफ्ते पहले उसकी मुलाकात टिंडर ऐप पर ‘कविता’ नाम की लड़की से हुई थी। बातचीत बेहद सीमित थी, सिर्फ दो-तीन मैसेज के बाद ही लड़की मिलने को तैयार हो गई। युवक को यह सामान्य डेटिंग बातचीत लगी और उसने भी मिलने के लिए हामी भर दी। हालांकि, पहली ही मुलाकात से पहले लड़की ने आने-जाने के नाम पर 500 रुपए मांगने की कोशिश की। उसने एक क्यूआर कोड भेजा, लेकिन वह किसी दूसरी लड़की के नाम का था। इस पर युवक को शक हुआ और उसने पैसे ट्रांसफर नहीं किए। 3 दिन बाद मैसेज किया, ‘रास्ता कैफे’ ले गई युवती
इसके बाद दो-तीन दिन तक कोई बातचीत नहीं हुई। युवक को लगा कि मामला खत्म हो गया है, लेकिन 25 जनवरी को लड़की ने खुद फिर से मैसेज कर मिलने का प्रस्ताव रखा। जगह तय हुई बंसल वन। युवक समय पर पहुंचा, जहां लड़की पहले से मौजूद थी। उसने खुद को भोपाल में नया बताया और कहा कि वह कुछ ही दिन पहले शहर आई है। इसके बाद वह युवक को बंसल वन परिसर के अंदर स्थित ‘रास्ता कैफे’ नाम के बार में ले गई। लड़की ने हर कैफे में जाने से किया इनकार
युवक का कहना है कि उसने कई कैफे और रेस्टोरेंट के विकल्प दिए, लेकिन लड़की ने हर जगह को नापसंद किया और सिर्फ उसी बार में जाने पर जोर दिया। जैसे ही वे बार के अंदर पहुंचे, लड़की ने बातचीत शुरू होने से पहले ही महंगी शराब ऑर्डर कर दी। युवक ने बताया कि उसने कई बार मना किया, कीमतें दिखाईं और यहां तक कहा कि पानी भी 110 रुपए का है, लेकिन लड़की ने पहली डेट और “अच्छी जगह” का हवाला देकर उसे बहलाया। बिल आते ही वॉशरूम गई, लौटकर नहीं आई
कुछ ही देर में शराब के कई ऑर्डर हो चुके थे और बिल 32,888 रुपए तक पहुंच गया। जब बिल आया तो लड़की ने वॉशरूम जाने की बात कही और वहां से चली गई। इसके बाद वह दोबारा लौटकर नहीं आई। युवक जब उसे ढूंढने लगा, तब तक बार स्टाफ ने उसे घेर लिया और बिल भरने का दबाव बनाने लगे। पीड़ित का आरोप है कि बार कर्मचारियों ने कहा कि यहां बहुत भीड़ है, सभी टेबल बुक हैं और उसे तुरंत भुगतान करना होगा। जब उसने पैसे न होने की बात कही, तो मोबाइल गिरवी रखने की बात की गई। अंत में उसकी पल्सर बाइक जब्त कर ली गई, जो अब भी बार के पास रखी हुई है। रानी कमलापति जीआरपी थाना प्रभारी महेंद्र सिंह सोमवंशी ने कहा कि युवक की शिकायत मिली है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। ये खबरें भी पढ़ें… 1. खूबसूरत लड़की, बार में डेटिंग और हजारों का बिल भोपाल के एक युवा बिजनेसमैन सिद्धार्थ (बदला हुआ नाम) को बार का बिल चुकाने के लिए अपने दोस्तों से उधार लेना पड़ा, और अब वह अपनी पॉकेट मनी से उस कर्ज को चुका रहे हैं। दैनिक भास्कर ने इस पूरे नेटवर्क की गहराई से पड़ताल की और जाना कि कैसे ‘ड्रंकन गर्ल स्कैम’ के नाम पर युवाओं को हनी ट्रैप में फंसाया जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर… 2. हाउस पार्टी स्कैम; टिकट बिके, होस्ट गायब:’स्ट्रेंजर मीट’ का लालच एमपी में एक नए तरह का स्कैम हो रहा है। ‘एक्सक्लूसिव हाउस पार्टी’ के नाम पर युवाओं को फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूली जा रही है। इसके लिए सोशल मीडिया पर आकर्षक वीडियो पोस्ट किए जाते हैं। पार्टी में स्ट्रेंजर मीट जैसे लुभावने वादे किए जाते हैं, हकीकत में ऐसी कोई पार्टी ही नहीं होती। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *