छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री और कोरबा नगर विधायक लखन लाल देवांगन ने बुधवार को एचटीपीपी कॉलोनी से रामनगर स्याहीमुड़ी मार्ग को तत्काल खुलवाया। यह मार्ग एक उत्पादन कंपनी ने बंद कर दिया था। जिसकी शिकायत आम लोगों ने की थी। बस्ती वासियों ने हाल ही में मंत्री देवांगन से मुलाकात कर एचटीपीपी कॉलोनी से रामनगर स्याहीमुड़ी बस्ती जाने वाले इस मार्ग को खुलवाने की मांग की थी। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए मंत्री देवांगन बुधवार को मौके पर पहुंचे। जेसीबी से मिट्टी और मलबा हटाकर रास्ता साफ कराया मंत्री देवांगन ने उत्पादन कंपनी के मुख्य अभियंता और अन्य अधिकारियों को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए बंद किए गए मार्ग को तत्काल खोलने के निर्देश दिए। मंत्री के निर्देश पर कंपनी के अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की और जेसीबी बुलवाकर अवरुद्ध मार्ग से मिट्टी और मलबा हटाकर रास्ता साफ कराया। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भविष्य में प्लांट से लगी बस्तियों में रहने वाले लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने ऐसे निर्णयों को जनहित को ध्यान में रखकर लेने को कहा। काफी दूरी तय करके घूमकर जाना पड़ता था स्थानीय लोगों के अनुसार, मार्ग बंद होने से उन्हें काफी दूरी तय करके घूमकर जाना पड़ता था, जिससे दैनिक आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चों और काम पर जाने वाले लोगों को भी लंबी दूरी तय करनी पड़ रही थी। यह मार्ग कई सालों से उपयोग में था और इसके बंद होने से लोगों को काफी असुविधा हो रही थी।


