जबलपुर के पनागर थाना क्षेत्र में एक महिला बाउंसर से चाकू की नोक पर लूट की वारदात सामने आई है। गांधीग्राम निवासी महिला जब रात में स्कूटी से मायके जा रही थी, तभी कुसनेर ब्रिज के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोककर मंगलसूत्र और बैग लूट लिया। पुलिस ने चार घंटे में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान बरामद कर लिया है। पीड़िता हेमलता बर्मन ने बताया कि वह एक होटल में बाउंसर है। मंगलवार रात वह अपनी एक्टिवा से गांधीग्राम स्थित ससुराल से महाराजपुर मायके जा रही थी। इसी दौरान कुसनेर ब्रिज के पास बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया। एक आरोपी ने चाकू अड़ाकर उसके गले से सोने का मंगलसूत्र छीना, जबकि दूसरे आरोपी ने उसका बैग लूट लिया। बैग में आधार कार्ड, अन्य दस्तावेजों की फोटोकॉपी, मोबाइल फोन और करीब 2000 रुपए नकद रखे थे। सिहोरा की ओर भागे थे बदमाश घटना के बाद पीड़िता किसी तरह पनागर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी बाइक से सिहोरा की ओर भागे हैं। आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही पुलिस पनागर थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित केवट, सुजीत काशी और रोहित कुमार के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र और बैग भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।


