चंबल नदी से ग्वालियर तक पीने का पानी पहुंचाने के लिए चल रही चंबल वाटर प्रोजेक्ट योजना के तहत बनाए गए गोदाम से अज्ञात चोरों ने एक बार फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। नेशनल हाइवे-44 पर जड़ेरुआ गांव के पास बने इस गोदाम से मंगलवार रात लोडिंग वाहन लगाकर भारी मात्रा में लोहे के सरिया और एंगल चोरी कर लिए गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पानी सप्लाई योजना के लिए रखा गया था भारी स्टॉक चंबल वाटर प्रोजेक्ट योजना के तहत वर्तमान में पानी सप्लाई के स्ट्रेचर का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी कार्य के लिए कंपनी द्वारा हैवी सरिया, लोहे के एंगल और अन्य निर्माण सामग्री का स्टॉक नेशनल हाइवे-44 पर जड़ेरुआ गांव के पास बनाए गए गोदाम में रखा गया था। बाउंड्री फांदकर घुसे चोर मंगलवार रात अज्ञात चोर गोदाम की बाउंड्री कूदकर अंदर घुसे। इसके बाद उन्होंने लोहे के सरिया और रोड एंगल गोदाम से बाहर फेंकना शुरू किया और बाद में एक लोडिंग गाड़ी में सामान लोड कर मौके से फरार हो गए। CCTV कैमरे में कैद हुई वारदात चोरी की यह पूरी घटना गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि चोर किस तरह योजनाबद्ध तरीके से सरिया बाहर निकालकर वाहन में भरते हैं। गोदाम प्रभारी ने चोरी की जानकारी के साथ सीसीटीवी फुटेज नूराबाद थाना पुलिस को सौंप दी है। हर बार की तरह इस बार भी पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है। छह महीने में पांचवीं बार चोरी खास बात यह है कि इसी गोदाम से पिछले छह महीनों में यह चोरी की पांचवीं घटना है। हर बार चोरों की गतिविधि सीसीटीवी में कैद हुई, इसके बावजूद अब तक चोरों की पहचान नहीं हो सकी है। गोदाम प्रभारी द्वारा लगातार नूराबाद पुलिस को चोरी की शिकायतें दी गई हैं, लेकिन अब तक पुलिस किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी न होने से कंपनी और कर्मचारियों में नाराजगी है। NH-44 पर स्थित गोदाम बना चोरों का आसान निशाना नेशनल हाइवे-44 पर स्थित होने के कारण गोदाम तक पहुंच आसान है, जिसका फायदा उठाकर चोर बार-बार वारदात को अंजाम दे रहे हैं। नूराबाद थाना प्रभारी एसआई सौरभ पुरी ने बताया कि वाटर प्रोजेक्ट के गोदाम से चोरी की घटना हुई है और सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इस बार पुलिस को कुछ अहम लीड मिली है। पहले फुटेज में अंधेरा और कोहरा बना बाधा थाना प्रभारी के अनुसार, पिछली चोरी की घटनाओं में अंधेरा और कोहरा होने के कारण फुटेज स्पष्ट नहीं था, जिससे जांच में दिक्कत आई थी। इस बार फुटेज ज्यादा साफ है। पुलिस ने बताया कि चोरों की तलाश के लिए टीम लगाई गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


