हनुमानगढ़ में पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत 2 आरोपियों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया है। इन दोनों के पास से अवैध हथियार बरामद हुए हैं। एक आरोपी के पास देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस मिला, जबकि दूसरे के पास धारदार हथियार बरामद हुआ। सदर थाना पुलिस की टीम बुधवार शाम को जंडावाली स्थित रेयान कॉलेज के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान शक के आधार पर एक व्यक्ति की तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान पक्कासाहरणा के वार्ड 7 निवासी अनिल कुमार (40) के रूप में हुई है। पुलिस उससे अवैध पिस्तौल रखने के संबंध में पूछताछ कर रही है। इस मामले की जांच एएसआई जसवंत सिंह कर रहे हैं। दूसरी कार्रवाई में रावतसर पुलिस ने एक व्यक्ति को धारदार हथियार ‘कापा’ के साथ पकड़ा है। आरोपी की पहचान नोहर के सांगठिया निवासी रोहित (19) के तौर पर हुई। उसे रावतसर कस्बे में रामपुरा रोड पर गिरफ्तार किया गया। रावतसर पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है।


