JDA ने 20 महीने से जबरन काबिज कार्यकारिणी को हटाया:कृष्णा कुंज वेलफेयर सोसायटी में 1 मार्च तक चुनाव कराने के दिए आदेश

जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने कालवाड़ रोड स्थित कृष्णा कुंज वेलफेयर सोसायटी में पिछले लगभग 20 महीनों से अवैध रूप से काबिज प्रबंधन समिति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से चल रहे कानूनी विवादों और वित्तीय गड़बड़ियों की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए, JDA के उपायुक्त जोन-7 ने मौजूदा अध्यक्ष जगदीश चौधरी सहित पूरी कार्यकारिणी को तुरंत प्रभाव से हटा दिया है। साथ ही सोसायटी में 1 मार्च 2026 तक नए सिरे से चुनाव कराने के आदेश दिए गए हैं। JDA ने सोसायटी के सुचारू संचालन और लोकतांत्रिक व्यवस्था की बहाली के लिए 6 सदस्यीय चुनाव संचालन समिति का गठन किया है। इस समिति को सोसायटी के सभी प्रशासनिक अधिकार और रिकॉर्ड अपने अधीन लेने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के अनुसार, अब नई कार्यकारिणी के विधिवत चुनाव निर्धारित समय-सीमा में कराना अनिवार्य होगा।

दरअसल, सोसायटी के निवासी अशोक कुमार चोटिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्तमान कार्यकारिणी केवल कार्यवाहक भूमिका में थी, लेकिन कार्यकाल खत्म होने के बाद भी चुनावों को लगातार टाल रही थी। इसके अलावा, सोसायटी के फंडों के दुरुपयोग के गंभीर आरोप भी लगाए गए थे।सोसायटी के निवासियों ओर से इस संबंध में लंबे समय से JDA में शिकायतें दर्ज कराई जा रही थीं, जिसके बाद प्राधिकरण ने मामले में हस्तक्षेप किया। सुनवाई के दौरान JDA उपायुक्त जोन-7 अभिषेक गोयल ने कहा कि बिना वैध सदस्यता सूची के और समय सीमा खत्म होने के बाद पुरानी समिति का पद पर बने रहना कानूनी रूप से अमान्य है। इसी आधार पर पूरी जिम्मेदारी नई चुनाव समिति को सौंपी गई है, जो जल्द ही चुनाव प्रक्रिया शुरू करेगी। JDA ने शिकायतकर्ता अशोक कुमार चोटिया और सोसायटी अध्यक्ष जगदीश प्रसाद चौधरी के सुझाए नामों पर चुनाव समिति बनाई है। इसमें योगेश घीया, संदीप अग्रवाल, कृष्णा शर्मा, मनोज खंडेलवाल, मोहित शर्मा और राजेश माथुर शामिल हैं। समिति को राजस्थान अपार्टमेंट स्वामित्व अधिनियम-2015 और आदर्श उपनियम-2020 के अनुसार 1 मार्च 2026 तक चुनाव पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *