आगर-मालवा-सारंगपुर मार्ग पर बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। नीमच से लहसुन भरकर कोलकाता जा रहा एक आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक के भीतर दबे दोनों युवक करीब डेढ़ घंटे तक मदद के लिए गुहार लगाते रहे। लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। लोग वीडियो बनाते रहे। ट्रक में फंसे युवकों का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे रोते हुए मदद की गुहार लगा रहे हैं। थोड़ी देर बाद आवाज आना बंद हो जाती है। वीडियो में एक युवक ये भी कह रहा है कि वीडियो बनाने की जगह मेरी मदद करो। घटना की तीन तस्वीरें देखिए… केबिन में फंसे थे दोनों सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। ट्रक चालक अफसर पिता आबिद (24) और उसका साथी मुबारिक पिता आरिफ (25) ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गए थे। दोनों सीहोर जिले के मुख्तियारनगर, कादराबाद के निवासी थे। ट्रक ड्राइवर ने की मदद ट्रक के पीछे आ रहे एक अन्य वाहन के चालक जफर खान ने बताया कि पलटने के बाद दोनों युवक लगातार बाहर निकालने के लिए चीख-पुकार कर रहे थे। उनकी आवाजें सुनकर जफर मदद के लिए आसपास के घरों की ओर दौड़ा। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए और युवकों को निकालने की कोशिश की। हालांकि, भारी ट्रक के नीचे दबे दोनों युवकों को हाथों से निकालना संभव नहीं हो पाया। अंततः जेसीबी मंगवाई गई। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रात एक बजे हुआ हादसा कानड़ पुलिस के अनुसार, यह हादसा कानड़ से आगे एक पुलिया पर रात करीब एक बजे हुआ। सामने से आ रहे एक वाहन ने ट्रक को अचानक कट मार दिया, जिससे संतुलन बिगड़ने पर ट्रक सड़क पर पलट गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। कानड़ पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


