केजरीवाल के खिलाफ कुरुक्षेत्र में FIR:यमुना में जहर वाले बयान पर कोर्ट ने दिए आदेश, भड़काऊ बयानबाजी कर दंगे करवाने का आरोप

दिल्ली के पूर्व CM एवं आम आदमी पार्टी (AAP) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कुरुक्षेत्र के शाहाबाद थाने में केस दर्ज किया गया है। यह केस शाहाबाद कोर्ट के आदेश पर यमुना में जहर मिलाने वाले बयान पर मंगलवार देर शाम दर्ज हुआ। सीनियर एडवोकेट जगमोहन मनचंदा ने केजरीवाल के बयान के बाद 28 जनवरी को कोर्ट में याचिका दायर की थी। उन्होंने हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने व हरियाणा और दिल्ली के लोगों के बीच भड़काऊ बयानबाजी करके दंगे करवाने के आरोप लगाए हैं। केजरीवाल के खिलाफ धारा 192, 196, 197, 248-ए एवं 299 के तहत केस दर्ज किया गया है। 27 जनवरी को केजरीवाल ने कहा था कि दिल्ली के लोगों को पीने के लिए पानी हरियाणा और उत्तर प्रदेश से मिलता है। हरियाणा से यमुना के रास्ते पीने का पानी आता है। हरियाणा की सरकार ने दिल्ली में यमुना से आने वाले पानी में जहर मिलाकर भेज दिया है। इसके बाद केजरीवाल और हरियाणा CM नायब सैनी में जुबानी जंग छिड़ी। हाल ही में CM सैनी ने पानी के 2 सैंपल दिखाए थे। इससे पहले उन्होंने यमुना का पानी भी पिया था। एडवोकेट ने कहीं 3 अहम बातें… 1. पानी में जहर मिलाने वाला निराधार व अप्रमाणित बयान
एडवोकेट जगमोहन मनचंदा ने कोर्ट को बताया कि केजरीवाल का हरियाणा सरकार पर यमुना नदी के पानी में जहर मिलाने वाला निराधार व अप्रमाणित बयान न केवल जनता के बीच हरियाणा के शासन पर संदेह पैदा करने वाला है, बल्कि इस बयान से आम लोगों से मन में दहशत और कलह को बढ़ाने की क्षमता भी है। यमुना नदी हरियाणा के लोगों और करोड़ों हिंदुओं के लिए आस्था का प्रतीक है। केजरीवाल के बयान की लापरवाह एवं भड़काऊ प्रकृति ने हरियाणा और उससे आगे के लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। 2. मौनी अमावस्या से पहले खतरनाक बयान दिया
मौनी अमावस्या से पहले अरविंद केजरीवाल ने खतरनाक बयान दिया। इस दिनों प्रयागराज में महाकुंभ चला हुआ है। इसमें मौनी अमावस्या के दिन करोड़ों लोग स्नान करने वाले थे। केजरीवाल भली भांति जानते थे कि यमुना पवित्र नदी है और वह त्रिवेणी संगम की 3 नदियों का पार्ट है। लोगों की भावनाओं को आहत किया। उन्होंने चुनावी राजनीति का फायदा उठाने के लिए ऐसे बयान दिया। उन्होंने ये नहीं सोचा कि इससे झगड़े हो सकते हैं। दिल्ली और हरियाणा के लोगों के बीच मनमुटाव हो सकता है। 3. पुलिस के टालमटोल करने पर कोर्ट गए
उन्होंने कहा कि उच्च सार्वजनिक जिम्मेदारी वाले पद पर रहे अथवा आसीन व्यक्ति की तरफ से की गई ऐसी अपुष्ट और अपमानजनक टिप्पणी न केवल अंतरराज्यीय सद्भाव को कमजोर करती है, बल्कि सरकारी संस्थाओं में जनता के विश्वास को भी खत्म करती है। पहले मैंने शाहाबाद थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस के टालमटोल करने पर शाहाबाद कोर्ट में कंप्लेंट दी। कोर्ट से मांग की कि केजरीवाल के खिलाफ केस दर्ज कर इन्वेस्टिगेशन करवाई जाए। कोर्ट ने मेरी इस बात को स्वीकार किया है। यमुना पानी विवाद में अभी तक क्या-क्या हुआ… 27 जनवरीः केजरीवाल बोले- हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला किया
अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर यमुना के पानी को जहरीला करने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा- दिल्ली के लोगों को पीने के लिए पानी हरियाणा और उत्तर प्रदेश से मिलता है। भाजपा की हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला कर दिया है। 28 जनवरीः चुनाव आयोग ने केजरीवाल से सबूत पेश करने को कहा
EC ने केजरीवाल से उनके यमुना के पानी में जहर वाले दावे पर बुधवार यानी 29 जनवरी रात 8 बजे तक सबूत मांगे। भाजपा की तरफ से केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद चुनाव आयोग ने कहा था- केजरीवाल ने भाजपा की हरियाणा सरकार पर बहुत गंभीर आरोप लगाया, जिससे राज्यों के बीच नफरत पनप सकती है। 29 जनवरीः हरियाणा CM ने यमुना से पानी पीकर दिखाया
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राज्य के बॉर्डर पर पहुंचकर यमुना नदी से पानी पीकर दिखाया। उन्होंने X पर वीडियो शेयर कर कहा कि मैंने बेहिचक और बेझिझक पवित्र यमुना के जल का आचमन किया। हालांकि इसका जवाब देते हुए केजरीवाल ने कहा कि सैनी ने पानी पिया नहीं, थूक दिया। 29 जनवरीः केजरीवाल ने चुनाव आयोग को जवाब दिया
केजरीवाल ने चुनाव आयोग को बताया कि हरियाणा से दिल्ली आ रहा पानी लोगों की सेहत के लिए बेहद जहरीला है। 14 पेज के जवाब में केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने वह बयान दिल्ली में पानी की क्वालिटी के कारण लोगों की सेहत को हो रहे नुकसान के संबंध में दिया था। 31 जनवरी: हरियाणा से यमुना का सैंपल लेकर दिल्ली पहुंचे CM सैनी
CM नायब सैनी यमुना के पानी के 2 सैंपल लेकर दिल्ली के वजीराबाद पहुंचे थे। जहां पहले सैंपल को दिखाते हुए कहा कि केजरीवाल साहब मैं यह पानी पल्ला (हरियाणा) से लेकर आया हूं। लोग इसे ट्रीट करके पी सकते हैं। उन्होंने दूसरे सैंपल को दिखाते हुए कहा कि ये केजरीवाल का पानी है, जो दिल्ली के लोग पीने के लिए मजबूर हैं। CM ने कहा कि केजरीवाल फरीदाबाद में गंदा पानी भेज रहे हैं, जिससे वहां कैंसर जैसी बीमारियां हो रही हैं। वह हरियाणा में नरसंहार चाहते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *