राजधानी रायपुर के हीरापुर रोड, मोहबा बाजार स्थित फास्ट क्राई इंटेलाइटोटस प्री स्कूल एवं डे-केयर में बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि गणतंत्र दिवस की थीम पर आयोजित कार्यक्रम में तय यूनिफॉर्म पहनकर नहीं आने वाले बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया गया। इस दौरान तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ स्कूल की आया माधुरी ने मारपीट की, जिससे बच्ची का सिर दीवार से टकराया और उसमें सूजन आ गई। बच्ची को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्ची के परिजनों की शिकायत पर आमानाका पुलिस ने स्कूल स्टाफ के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 125 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आया माधुरी को प्रताड़ना और मारपीट का आरोपी बनाया गया है, जबकि अन्य बिंदुओं पर जांच जारी है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला शिकायतकर्ता अंकिता भार्गव ने पुलिस को बताया, कि 23 जनवरी को बसंत पंचमी के दिन अपनी बेटी के साथ उसके स्कूल गई थी। स्कूल में पूजा कार्यक्रम के दौरान बेटी को भूख लगी तो उसे टिफिन कराया और स्कूल की आया मालती को बेटी का मुंह धुलाने के लिए भेजा। कुछ देर बाद बच्ची तेज रोते हुए लौटी। आया ने हेयरबैंड गिरने की बात कही, लेकिन बच्ची के सिर में स्पष्ट सूजन थी। बाद में सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि बच्ची का सिर जानबूझकर दीवार से टकराया गया। बच्ची ने अपनी मां को बताया कि स्कूल में रोज़ हाथ, पैर या सिर किसी न किसी चीज से टकराया जाता है। यूनिफॉर्म नहीं पहनने पर बच्चों को क्लास में किया बंद शिकायतकर्ता के अनुसार स्कूल के कार्यक्रम में बेटी ड्रेस में नहीं पहुंची तो उसे क्लास में बंद कर दिया गया। इसी तरह से अन्य बच्चों के पालक से फोन पर पूछा तो ड्रेस नहीं पहनने पर प्रबंधन द्वारा क्लास में बंद करने की जानकारी मिली। जबकि अन्य बच्चों को मैदान में कार्यक्रम में शामिल किया गया। पुलिस ने शुरू की जांच शिकायतकर्ता की सूचना पर आमानाका पुलिस ने स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। विवेचना अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा और स्कूल में नियमों को लेकर जांच करेंगे और वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट सबमिट करेंगे। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब पढ़े FIR की कॉपी


