जनता कॉलोनीवासी निगम पहुंचे,कहा-कच्ची बस्ती से भी बुरे हालात:निगम से यूआईटी चक्कर कटवा रहे अधिकारी;लोग घर बेचने को मजबूर

अलवर शहर की मुंगस्का जनता कॉलोनी में सड़क नहीं बनने से परेशान कॉलोनीवासी नगर निगम पहुंचे और निगम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा और प्रदर्शन भी किया। लोगों ने नगर निगम और यूआईटी दोनों पर लापरवाही का आरोप लगाया। कॉलोनीवासियों का कहना है कि जब वे सड़क की शिकायत नगर निगम में करते हैं तो उन्हें यूआईटी भेज दिया जाता है और यूआईटी में शिकायत करने पर वापस निगम भेज दिया जाता है। इस तरह दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर मामला टाल रहे हैं। कॉलोनी के चारों तरफ की सभी सड़कें बन चुकी हैं, लेकिन केवल जनता कॉलोनी का करीब 200 मीटर का रास्ता अब तक अधूरा पड़ा है। सड़क नहीं होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनीवासी और आर्मी से रिटायर्ड कैप्टन प्रदीप सिंह ने बताया कि थोड़ी सी बारिश होते ही सड़क की हालत कच्ची बस्ती से भी बदतर हो जाती है। पानी भर जाने से बच्चे स्कूल नहीं जा पाते और लोग घरों से बाहर नहीं निकल पाते। उन्होंने बताया कि इस कॉलोनी में करीब 15 आर्मी से रिटायर्ड जवान अपने परिवारों के साथ रहते हैं, लेकिन हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोग मजबूरी में अपने मकान बेचने के लिए तैयार बैठे हैं।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि शहर में रहने के बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधा के लिए भी भटकना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सिर्फ 200 मीटर की सड़क बनाने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *