महाकुंभ से हनुमानगढ़ लौट रही बस पलटी, 2 की मौत:14 श्रद्धालु घायल, जयपुर-आगरा हाईवे पर हुए धमाके के बाद दौड़े गांव वाले

महाकुंभ (प्रयागराज, यूपी) से हनुमानगढ़ (राजस्थान) लौट रही स्लीपर बस जयपुर-आगरा हाईवे पर पलट गई। इसमें 2 श्रद्धालु महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हैं। हादसे के दौरान हुए धमाके के बाद गांव वाले हाईवे की ओर दौड़े और गाड़ी में फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। घटना दौसा के बालाहेड़ी इलाके में बुधवार सुबह करीब 5 बजे हुई। घायलों में हनुमानगढ़, चूरू और सिरसा (हरियाणा) के रहने वाले शामिल हैं। बालाहेड़ी थाना इंचार्ज भगवान सहाय ने बताया- पीपलखेड़ा गांव (दौसा) के पास हुए हादसे में घायल श्रद्धालुओं को महवा जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। गंभीर स्थिति को देखते हुए सात घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दौसा जिला हॉस्पिटल रेफर किया गया है। जान गंवाने वाली महिलाओं में सुंदर देवी जाट (50) हरिपुरा थाना संगरिया, जिला हनुमानगढ़ और भंवरी देवी शर्मा (65) निवासी सरदारशहर, चूरू शामिल हैं। पुलिस ने कहा- गोवंश को बचाने के चक्कर में हादसा हुआ
थाना इंचार्ज भगवान सहाय ने बताया- महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस सड़क पर बैठे गोवंश को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई थी। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल महवा में भर्ती कराया गया। धमाके की आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीण
सुबह अचानक हुए धमाके की आवाज सुनकर पीपलखेड़ा गांव के लोगों की नींद खुली। गांव वाले फौरन हाईवे की ओर दौड़े। मौके पर दुर्घटनाग्रस्त बस देखकर तुरंत पुलिस को खबर दी। उधर, अचानक हुए हादसे से बस में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने घायल श्रद्धालुओं को बस से बाहर निकालकर इलाज के लिए हॉस्पिटल पहुंचाया। यह घायल हुए-
संतोष स्वामी (60), सरोज देवी शर्मा (50), कमल शर्मा (28), पार्वती शर्मा (55), द्रौपदी देवी जोशी (45), सभी निवासी रावतसर, हनुमानगढ़।
शरबती देवी स्वामी (65), गोगामेड़ी बरवाड़ी, हनुमानगढ़।
मोहनलाल भार्गव (28), बिसरासर, हनुमानगढ़।
केसर देवी स्वामी (40), भगवानसर नोहर, हनुमानगढ़।
राधा शर्मा (45), छोटड़िया, रतनगढ़, चूरू।
पार्वती देवी जाट (60), सिद्धार्थपुरा, तारानगर, चूरू।
गिरधारी जाट (58), उर्मिला जाट (50), शकुंतला देवी जाट (60), परमेश्वरी देवी (65), नीमला, सिरसा (हरियाणा)।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *