जैसलमेर के बडोड़ा गांव के एक युवक का शव मिलने के मामले में मृतक के भाई ने हत्या का मामला दर्ज करवाया है। शरीर पर गंभीर चोटों, बाइक और मोबाइल पास में नहीं होने के कारण हत्या का अंदेशा होने पर मृतक उगमसिंह के भाई ने सदर थाना पुलिस में हत्या का मामला दर्ज करवाया। वहीं जांच में सदर थाना पुलिस को बाबा बावड़ी इलाके से मृतक की बाइक भी बरामद हुई। वहीं सीसीटीवी में एक संदिग्ध युवक भी नजर आया। हालांकि पुलिस को अभी तक मृतक उगमसिंह का मोबाइल फोन नहीं मिला है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सीसीटीवी में नजर आ रहे संदिग्ध युवक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक का शव जवाहिर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखा गया है। घर से 1 किमी दूर मिला शव जानकारी के अनुसार डेरियों की ढाणी निवासी उगमसिंह (35) पुत्र हरलाल सिंह रविवार को गांव के किसी दोस्त के साथ पार्टी में गया था। पार्टी से घर जाने का कहकर वहां से निकला। लेकिन घर नहीं पहुंचा। इस पर परिजनों ने उगमसिंह की तलाश की। इसके बाद सदर थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई गई। सोमवार देर शाम युवक उगमसिंह का शव उसके घर से एक किमी दूर भूरिया बाबा मंदिर के पास मिला। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को रिपोर्ट पेश की। मौके पर पहुंची सदर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मंदिर को सील कर हत्या के मामले की जांच शुरू की। फिलहाल शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद ही शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। मौके से गायब बाइक दूसरी जगह मिली सदर थाना प्रभारी बगड़ू राम ने बताया- रविवार रात पार्टी के बाद उगमसिंह अपने घर जाने का कहकर बाइक पर निकला था। इसके बाद उसका शव भूरिया बाबा मंदिर के पास मिला। वहीं उसकी बाइक शहर के बाबा बावड़ी में मिली है। ऐसे में हत्या करने वाला हत्यारा घटना को अंजाम देने के बाद उगमसिंह की बाइक लेकर ही बडोड़ा गांव से शहर आया और बाबा बावड़ी में उसकी बाइक छोड़ कर फरार हो गया। एक बाइक पर सवार व्यक्ति की सीसीटीवी फुटेज भी है। हत्या के कारणों व आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। शव मिलने के बाद मृतक के भाई की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। फिलहाल युवक का शव मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। सीसीटीवी में नजर आया संदिग्ध आशंका है कि हत्या के आरोपी ने उगमसिंह को भूरिया बाबा मंदिर बुलाया। वहां पर दोनों के बीच पहले हाथापाई हुई। उस दौरान आरोपी ने उगमसिंह के सिर पर वार किया जिससे मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी उगमसिंह की बाइक लेकर शहर आ गया। जहां अभय कमांड के कैमरों में वह कैद हो गया है। इसके बाद वह बाइक को बाबा बावड़ी में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपी की पहचान में जुटी है। संभावना जताई जा रही है कि हत्या का आरोपी व उगमसिंह एक दूसरे को पहचानते थे। नहीं मिला मृतक का मोबाइल घर जाते समय या तो हत्यारा उसे बीच रास्ते में मिला या उसे फोन कर भूरिया बाबा मंदिर बुलाया। जिसके बाद उगमसिंह भूरिया बाबा मंदिर पहुंचा। जहां दोनों के बीच हाथापाई हुई और आरोपी ने उगमसिंह को जान से मार दिया। ऐसे में पुलिस को मृतक उगमसिंह की बाइक तो मिल गई है लेकिन अभी तक उगमसिंह का मोबाइल पुलिस को नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस आरोपी व मोबाइल की तलाश कर रही हैं। घर से गायब युवक की जंगल में मिली लाश:घर से 1 किमी दूर मिला शव, घरवालों ने बताया मर्डर


