जयपुर में ओवर स्पीड सफारी कार ने गुरुवार दोपहर कहर मचाया। आउट ऑफ कंट्रोल हुई कार ने टक्कर मारकर पांच गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। मॉल की दीवार तोड़कर अनियंत्रित कार जाकर रुकी। एक्सीडेंट थाना (ईस्ट) पुलिस ने क्षतिग्रस्त गाड़ियों को हटवाकर बाधित ट्रैफिक को सुचारू करवाया। एक्सीडेंट थाना (ईस्ट) के ASI ईश्वर सिंह ने बताया- हादसा दोपहर करीब 1 बजे टोंक रोड पर किसान मार्ग स्थित रेड लाइट पर हुआ। एक सफारी कार बजाज नगर की ओर से सांगानेर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान किसान मार्ग पर ओवर स्पीड के चलते आउट ऑफ कंट्रोल हो गई। अनियंत्रित होकर कार ने एक मॉल के बाहर दो कार और तीन बाइकर्स को अपनी चपेट में लिया। टक्कर मारते हुए पांचों गाड़ियों को क्षतिग्रस्त करते हुए अनियंत्रित कार महिमा मगनेस मॉल की रेलिंग व दीवार तोड़ते हुए जा रुकी। लोगों की भीड़ को हटाया
हादसे के बाद बड़ी संख्या में मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। कुछ लोगों ने टक्कर मारने वाली कार के ड्राइवर से मारपीट की कोशिश भी की। हादसे की सूचना पर एक्सीडेंट थाना (ईस्ट) पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त गाड़ियों को घटनास्थल से हटवाया। पुलिस से मौके पर लगी भीड़ को हटाकर बाधित ट्रैफिक को चालू करवाया। पुलिस ने राउंडअप कर ड्राइवर को थाने भिजवाया। पुलिस का कहना है कि हादसा ओवर स्पीड के चलते माना जा रहा है। बताया जा रहा कि किसी वाहन को बचाने की कोशिश में कार अनियंत्रित हुई थी। बापू नगर के रहने वाले राजेश खण्डेलवाल की कार है। एक्सीडेंट में दो लोगों के मामूली चोट आई है। पुलिस की ओर से एक्सीडेंट के कारण का पता लगाया जा रहा है।


