भरमौर में मरीज को पीठ पर उठाकर पहुंचाया अस्पताल:ग्रामीण 8 किलोमीटर पैदल चले, बर्फबारी के कारण बंद हैं संपर्क मार्ग

भरमौर उपमंडल की ग्राम पंचायत रुणहकोठी के अंतर्गत सारणी-आंद्रेड़ मार्ग पर भारी बर्फबारी के कारण गुरुवार को एक मरीज को ग्रामीणों ने 6 से 8 किलोमीटर तक पीठ पर उठाकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। इसके बाद मरीज को एक छोटी गाड़ी के माध्यम से मेडिकल कॉलेज चंबा इलाज के लिए भेजा गया। बताया गया है कि बर्फबारी के बाद संबंधित विभाग द्वारा सड़क बहाल करने के लिए जेसीबी मशीन नहीं भेजी गई थी, जिस कारण मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध रहा। इस स्थिति में ग्रामीणों को जोखिम भरे बर्फीले रास्ते से मरीज को पैदल ले जाना पड़ा। इस घटना का वीडियो भी स्थानीय लोगों द्वारा बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया गया है। बर्फबारी से अधिकांश संपर्क मार्ग बंद बता दें कि, जनजातीय क्षेत्र भरमौर के ऊंचाई वाले इलाकों में हाल ही में हुई भारी बर्फबारी के कारण अधिकांश संपर्क मार्ग बंद पड़े हैं। इससे रोजमर्रा की जरूरतों के साथ-साथ मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार दोपहर बाद गांव सामरा के गांव सियूका से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया। यहां सड़क पर जमी बर्फ के कारण एक बुजुर्ग मरीज को कई किलोमीटर तक पीठ पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया गया। रास्ते खोलने के लिए किया जा रहा काम : अधिशासी अभियंता स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क से बर्फ नहीं हटाई गई, तो आपातकालीन स्थितियों में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र मशीनरी भेजकर मार्ग बहाल किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। वहीं, अधिशासी अभियंता भरमौर बीसी ठाकुर ने जानकारी दी है कि बंद सड़कों को खोलने के लिए युद्ध स्तर पर काम चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रास्ते से जल्द से जल्द बर्फ हटाने के लिए जगह-जगह जेसीबी मशीनें भेजी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *