सोनहत | शासकीय नवीन महाविद्यालय सोनहत में 26 जनवरी को भारत के 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई, जिसे जन भागीदारी समिति के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने किया। इसके बाद राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत वंदे मातरम् और छत्तीसगढ़ राजकीय गीत का सामूहिक गायन हुआ। इस अवसर पर राजेश गुप्ता ने भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों का महत्व बताया और विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। जन भागीदारी समिति के सदस्य भूतपूर्व सैनिक कमल सिंह और सांसद प्रतिनिधि लव प्रताप सिंह ने छात्र-छात्राओं को शिक्षा, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिक बनने के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त की।


