अमर अग्रवाल बोले- बिलासपुर में हुए कई घोटाले:कहा- 77 लाख का FDR स्कैम मेयर के बिना संभव नहीं, BJP जीती तो होगी जेल

पूर्व मंत्री और विधायक अमर अग्रवाल का कहना है कि बिलासपुर नगर निगम में कांग्रेस के 5 साल के कार्यकाल में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। 77 लाख का एफडीआर घोटाले में सीधे तौर पर महापौर और प्रशासन सवालों के घेरे में हैं। अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन काल में शहर के विकास को अवरूद्ध कर केवल निगम क्षेत्र की की बेशकीमती जमीनों को अपने चहेतों के बीच बंदरबांट करने का काम किया। टेंडर प्रक्रिया में घालमेल कर शहर की सार्वजनिक भूमि को कौड़ियों के मोल बेच दिया गया। आश्चर्य इस बात की है कि इस खेल में कांग्रेस के बड़े बड़े जिम्मेदार जनप्रतिनिधि शामिल रहे। भाजपा के मेयर बनने पर उनकी जांच कराई जाएगी और भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा जाएगा। शहर विधायक अमर अग्रवाल ने भाजपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस शासन काल में हुए भ्रष्टाचार पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ एक आरोप पत्र जारी किया और कहा कि कांग्रेस शासन काल में 77 लाख रुपए का एफडीआर घोटाला हुआ जो कांग्रेस के महापौर के प्रशासन पर सीधा सवाल खड़ा करती है। महापौर की जानकारी या मिलीभगत के बिना ऐसी वित्तीय अनियमितता कैसे हो सकती है। बेशकीमती भूमि को कौड़ियों में किया नीलाम अग्रवाल ने कहा कि बेशकीमती करोड़ों के भूखंडों को व्यापक भ्रष्टाचार कर कौड़ियों के मोल पर नीलाम कर दिया गया। नगर निगम सीमा के विस्तार के बाद भी आज तक ग्रामीण वार्ड सुविधाओं से वंचित हैं। इन वार्डों में पानी बिजली सड़क की सुविधा नहीं है। पिछले 5 वर्षों में नगर निगम में कांग्रेस ने वार्ड की मूलभूत समस्याओं जैसे नाली, पानी, बिजली, राशन कार्ड, पेंशन और मकान निर्माण की नक्शे जैसे मुद्दों को नजरअंदाज किया है। भाजपा के प्रयास से स्मार्ट सिटी के लिए आवंटित राशि दुरुपयोग किया गया। बिलासपुर नगर निगम में शामिल कोनी क्षेत्र में सीसी रोड का निर्माण आज तक नहीं हुआ, जिससे बारिश के दौरान गलियों में कीचड़ और सड़कों में जल भराव की समस्या हो गई है। निगम की बदहाली बयां करती है सिटी बस सेवा बिलासपुर नगर निगम के को प्रबंधन की स्थिति यह है की दिसंबर 2022 और 2023 में 12 सड़कों पर सिटी बस शुरू करने का दावा किया गया था लेकिन, यह वादा अधूरा ही रह गया। केवल सात रूटों पर ही अनियमित बस संचालित हो रही है। मेयर और वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के जनसंपर्क नगर निगम चुनाव के दौरान मंगलवार को विधायक अमर अग्रवाल ने शहर के विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क किया और भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की। इस दौरान वार्ड क्रमांक 15, 16, 17, 18, 19, 20, 21, 27, 28, 29 और 69 में नागरिकों से संवाद करते हुए अमर अग्रवाल ने भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों की जानकारी दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *