प्रतापगढ़ में मुआवजे को लेकर किसानों ने सौंपा ज्ञापन:नई गठित पंचायत की मैपिंग नहीं होने से अटका मुआवजा, कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द भुगतान की मांग

प्रतापगढ़ जिले की अरनोद तहसील में नवगठित ग्राम पंचायतों के किसानों को वर्ष 2025 की खरीफ फसल के नुकसान का मुआवजा अब तक नहीं मिला है। इस संबंध में मण्डावरा के किसानों ने जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपकर जल्द भुगतान की मांग की है। ज्ञापन में मण्डावरा, कोदिनेरा, नागदी, प्रतापपुरा और बडवास कला सहित अन्य नवगठित ग्राम पंचायतों के किसानों की समस्या को उठाया गया है। ज्ञापन में बताया गया कि ये सभी ग्राम पंचायतें हाल ही में गठित हुई हैं और इनके पटवार हल्के भी नए बनाए गए हैं। नई व्यवस्था के तहत संबंधित पटवारियों की एसएसओ आईडी का डी.एम.आई.एस. पोर्टल पर नए पटवार मंडल में मैपिंग नहीं हो पाई है। पोर्टल पर खराबी से किसानों में गुस्सा जबकि अरनोद तहसील के अन्य पटवार मंडलों के किसानों को इसी अवधि का मुआवजा पहले ही मिल चुका है। इससे प्रभावित ग्राम पंचायतों के किसानों में असंतोष है। किसानों का कहना है कि वास्तविक नुकसान होने के बावजूद केवल पोर्टल संबंधी त्रुटियों के कारण उन्हें उनके अधिकार से वंचित रखा गया है। ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन से मांग की गई है कि डी.एम.आई.एस. पोर्टल और अन्य विभागीय प्रक्रियाओं में मौजूद त्रुटियों को शीघ्र सुधारा जाए। साथ ही, संबंधित ग्राम पंचायतों के किसानों को खरीफ फसल नुकसान की मुआवजा राशि जल्द से जल्द दिलाई जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *