फाजिल्का जिले के अबोहर में ईदगाह बस्ती में रुपयों के मामूली विवाद को लेकर एक व्यक्ति के घर में घुसकर पिता-पुत्र पर तलवारों से हमला किया गया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जब लड़के की मां बचाव में आई, तो उसके साथ भी मारपीट की गई। घायल पिता-पुत्र को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी पहचान विजय कुमार (50) पुत्र हरबंस लाल और उनके 17 वर्षीय बेटे के रूप में हुई है। घायल विजय बोला- खर्चे मांगने पर कहासुनी हुई घायल विजय कुमार ने बताया कि वह मोहल्ले के ही उदित नामक व्यक्ति के पास कई वर्षों से जूते बनाने का काम करता है। उन्होंने बताया कि कल रात उन्होंने दुकानदार से अपने खर्चे के लिए पैसे मांगे थे, लेकिन उसने देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उनकी कहासुनी हो गई। विजय ने आगे बताया कि पैसे न मिलने की बात पता चलने पर आज उनकी पत्नी और बेटी उदित के घर उलाहना देने गई थीं, लेकिन तब भी पैसे नहीं मिले। दोपहर में जब वे घर पर मौजूद थे, तो इसी रंजिश के चलते उदित का भाई अपने कुछ साथियों के साथ तेजधार हथियार लेकर उनके घर में घुस आया। हमलावरों ने विजय और उनके 17 वर्षीय बेटे पर तलवारों से हमला कर दिया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। उनके शोर मचाने पर जब मोहल्ले के लोग इकट्ठा हुए, तो हमलावर मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


