हनुमानगढ़ में टाउन बस स्टैंड से बसें चलाने की मांग:जंक्शन से संचालन पर यात्रियों को हो रही परेशानी

हनुमानगढ़ में आम आदमी पार्टी (आप) ने रोडवेज बसों के संचालन को लेकर मांग उठाई है। पार्टी ने टाउन बस स्टैंड से सभी प्रमुख रूटों की बसें चलाने की अपील की है। इस संबंध में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक के नाम एक ज्ञापन यातायात प्रबंधक कर्मजीत सिंह चौहान को सौंपा गया। आप जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने बताया कि वर्तमान में रोडवेज की अधिकांश बसें जंक्शन बस स्टैंड से संचालित हो रही हैं। जबकि, टाउन क्षेत्र हनुमानगढ़ का मुख्य व्यावसायिक, शैक्षणिक और आवासीय केंद्र है। टाउन बस स्टैंड से बसों का संचालन न होने के कारण यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बेनीवाल के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्री, महिलाएं, छात्र, बुजुर्ग और व्यापारी विशेष रूप से प्रभावित हो रहे हैं। यात्रियों को शहर के अंतिम छोर पर स्थित जंक्शन बस स्टैंड तक जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। कई बार सवारी बदलने के कारण हादसों का खतरा भी बढ़ जाता है। पार्टी ने मांग की है कि हनुमानगढ़ डिपो की वे सभी बसें, जो अनूपगढ़, श्रीकरणपुर, श्रीगंगानगर, रायसिंहनगर, सूरतगढ़, नोहर, भादरा और पीलीबंगा जैसे रूटों पर चलती हैं, उनका संचालन टाउन बस स्टैंड से किया जाए। इसके अतिरिक्त, अनूपगढ़ डिपो की श्रीगंगानगर, सूरतगढ़, दिल्ली और अन्य प्रमुख मार्गों पर जाने वाली बसों को भी टाउन बस स्टैंड से जोड़ने की मांग की गई है। पार्टी का तर्क है कि टाउन बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए पर्याप्त स्थान, बाजार, अस्पताल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे यात्रा सुविधाजनक और सुरक्षित होगी। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि कई रोडवेज बसें रात्रि विश्राम के लिए हनुमानगढ़ डिपो आती हैं, लेकिन उनका अंतिम ठहराव जंक्शन क्षेत्र में होता है। इससे टाउन क्षेत्र के यात्रियों को असुविधा होती है। आप ने ऐसी बसों का ठहराव और संचालन टाउन बस स्टैंड तक करने की मांग की है। इस अवसर पर राजवीर माली, लीलाधर भाट, गुलशन सोनी, जयपाल स्वामी, राजकुमार गर्ग, दयानंद झा, सूरज चौधरी, गोपाल मेघवाल, सतपाल भाट और विजय वर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *