सागर की रहली थाना पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कार को पकड़ा है। कार से 7 पेटी देशी शराब जब्त की गई है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में शराब और कार मिलाकर कुल 2 लाख 63 हजार रुपए का मशरुका जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कार क्रमांक एमपी 15 सीबी 3582 में बड़ी मात्रा में शराब का अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई के लिए रवाना की गई। टीम ने इमलिया रोड पर पहुंचकर चेकिंग लगाई। तभी संदिग्ध कार आते हुए दिखी, जिसे घेराबंदी कर रोका गया।
डिग्गी में छिपाकर ले जा रहे थे शराब पुलिस ने कार में सवार दो युवकों को हिरासत में लिया। जब कार की तलाशी ली गई तो डिक्की से 7 पेटी देशी शराब बरामद हुई। शराब मिलने पर पुलिस ने कार जब्त कर ली और आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने ले आई। जांच में पकड़ा गया एक आरोपी नाबालिग पाया गया। पुलिस ने आरोपी हल्केभाई उर्फ हल्ले पटेल निवासी पचारा पिपरिया और नाबालिग के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। टीआई बोले- 2.63 लाख का माल जब्त किया रहली थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि शराब का अवैध रूप से परिवहन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनमें एक नाबालिग है। कार्रवाई में शराब और कार कीमती 2.63 लाख रुपए जब्त की है। मामला दर्ज कर आरोपियों से शराब के संबंध में पूछताछ की जा रही है।


