गुरु रविदास जी गुरुपर्व पर संगतों की ट्रेन बनारस रवाना:जालंधर रेलवे स्टेशन से संत निरंजन दास ने संगत को दिया आशीर्वाद

जालंधर श्री गुरु रविदास जी महाराज के 649वें गुरुपर्व को धूमधाम से मनाने के लिए डेरा सचखंड बल्लां के गद्दी नशीन संत निरंजन दास जी महाराज की अगुवाई में श्रद्धालुओं का जत्था जालंधर रेलवे स्टेशन से बनारस (वाराणसी) के लिए रवाना हुआ। इस अवसर पर स्टेशन परिसर भक्तिमय माहौल में रंगा नजर आया और संगतों में भारी उत्साह देखने को मिला। संत निरंजन दास जी महाराज ने संगतों को गुरु रविदास जी की शिक्षाओं पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का रास्ता दिखाया, जिसे अपनाकर ही समाज में सद्भाव कायम किया जा सकता है। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री विजय सांपला भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने संत निरंजन दास जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया और संगतों को गुरुपर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का जीवन और उपदेश समाज को एकता और सेवा का संदेश देते हैं। रेलवे स्टेशन पर संगतों ने “जो बोले सो निहाल” और गुरु रविदास जी के जयकारों के साथ उत्साहपूर्वक यात्रा की शुरुआत की। प्रशासन की ओर से भी व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए थे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। गौरतलब है कि हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरु रविदास जी के गुरुपर्व के अवसर पर बनारस जाकर माथा टेकते हैं और यह परंपरा वर्षों से श्रद्धा और भक्ति के साथ निभाई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *