स्टेडियम में स्वदेशी मेले का प्रस्ताव, विरोध शुरू:खिलाड़ी और नागरिकों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा, दूसरी जगह देने की मांग

नरसिंहपुर शहर के स्टेडियम ग्राउंड में प्रस्तावित स्वदेशी मेले के आयोजन को लेकर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और मॉर्निंग-ईवनिंग वॉक संगठन के सदस्यों में नाराजगी है। गुरुवार को इन सभी ने कलेक्टर रजनी सिंह को ज्ञापन सौंपकर मेले को किसी अन्य स्थान पर आयोजित करने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि स्टेडियम ग्राउंड के बीचों-बीच मजदूरों द्वारा गड्ढे खोदे जा रहे हैं। जानकारी मिलने पर पता चला कि यहां स्वदेशी मेले का आयोजन प्रस्तावित है। संगठन ने स्पष्ट किया कि वे स्वदेशी मेले के विरोध में नहीं हैं, बल्कि इसके लिए उपयुक्त स्थान के चयन पर जोर दे रहे हैं। संगठन ने स्टेडियम ग्राउंड के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। वर्ष 1972 में यहां भारत और फ्रांस के बीच अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैच का आयोजन हो चुका है। यह नगर का एकमात्र प्रमुख मैदान है। प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे यहां विभिन्न खेलों का अभ्यास करते हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की शारीरिक दक्षता की तैयारी करते हैं। इसके अतिरिक्त, शहर के हजारों नागरिक, बच्चे, महिलाएं और वरिष्ठजन सुबह-शाम नियमित रूप से भ्रमण और व्यायाम के लिए आते हैं। खिलाड़ियों और नागरिकों ने कलेक्टर से जनहित और इस ऐतिहासिक स्थल के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मेले के लिए किसी अन्य उपयुक्त स्थान को स्वीकृति देने का आग्रह किया। ज्ञापन सौंपने वालों में अजय दुबे, अस्सू नेमा, रोहित पटेल, शिवम पाठक, अभिषेक राय, संजय राजपूत, नीलेश, दलपत, लक्ष्मी कहार सहित कई खेल प्रेमी और नागरिक शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *