हत्या के प्रयास के दो फरार आरोपी गिरफ्तार:सिवनी कोतवाली पुलिस ने नववर्ष हमले का किया खुलासा

सिवनी जिले की कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों कोआज दोपहर गिरफ्तार कर सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सचिन परते के मार्गदर्शन में की गई। कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि यह घटना नववर्ष की रात पार्टी के दौरान हुई थी। हल्ला करने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर धारदार चाकू से प्राणघातक हमला किया गया था। इस संबंध में 1 जनवरी 2026 को प्रार्थी राहुल कश्यप निवासी दादू मोहल्ला, संजय वार्ड सिवनी ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि मठ मंदिर के पीछे स्थित खुले मैदान में आजाद वार्ड सिवनी निवासी मोनू दुबे और मुन्ना कश्यप ने जान से मारने की नीयत से उस पर हमला किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और पतासाजी कर रही थी। इसी क्रम में आज दोपहर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली, जिसके आधार पर ड्रीमलैंड सिटी के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों मोनू दुबे एवं मुन्ना कश्यप को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक धारदार चाकू भी जब्त किया है। कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच एक सख्त संदेश गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है और मामले की आगे की विवेचना जारी है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी सतीश तिवारी, सहायक उप निरीक्षक प्रमोद मालवी, प्रधान आरक्षक मनोज पाल, नवीन तिवारी, आरक्षक सतीश इनवाती, सिद्धार्थ दुबे, प्रतीक बघेल तथा वाहन चालक इरफान की सराहनीय भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *