दोवड़ा थाना क्षेत्र के सिदडी खेरवाड़ा गांव में एक 8 साल की नाबालिग बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नाबालिग की मौत पर मां ने शक जताया है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोवड़ा थाना पुलिस के अनुसार नाबालिग की मां की ओर से मामला दर्ज कराया गया है। रिपोर्ट में बताया कि उसने 2013 में घर से भागकर कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद वह अपने पति के साथ रहती थी। दोनों के 4 बच्चे है, जिसमें 3 बेटियां और एक बेटा है। दूसरे नंबर की बेटी (8) तीसरी कक्षा में पढ़ाई करती है। 3 महीने पहले पति से झगड़े के बाद वह अपने पीहर पिता के घर रहती है। गुरुवार को सूचना मिली कि 8 साल बच्ची की रात के समय अचानक मौत हो गई है, जिसकी मौत के कारणों का अब तक कोई पता नहीं लग सका है। मां ने बेटी की मौत पर शक जताया ओर उसकी मौत के कारणों का पता लगाने की मांग रखी। इस पर पुलिस ने शव का डूंगरपुर अस्पताल पोस्टमॉर्टम कराया है।


