अमृतसर में फिरौती गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई:सत्तानौशहरा ग्रुप का बदमाश एनकाउंटर में घायल, पुलिसकर्मी का हथियार छीनने की कोशिश

अमृतसर पुलिस ने फिरौती मांगने वाले एक सक्रिय गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके एक सदस्य का एनकाउंटर किया है। यह मामला अमृतसर के प्रसिद्ध रबाब ज्वैलर्स से जुड़ा है, जहां बदमाशों ने दुकान मालिक को फिरौती के लिए धमकी भरी कॉल की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और गिरोह की पहचान की।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह सारा मामला सत्तानौशहरा ग्रुप से जुड़ा हुआ है। बीते दिनों अमृतसर पुलिस ने इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ के दौरान चौथे साथी की जानकारी सामने आई, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस ने सुल्तानविंड गांव के नजदीक रेड की।
रेड के दौरान हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए, जब गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों में से एक, 20 वर्षीय जोबन सिंह ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। इसी दौरान उसने एक पुलिस मुलाजिम का पिस्टल छीनने का प्रयास किया। स्थिति को भांपते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस की फायरिंग में जोबन सिंह के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत काबू में लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस आगे की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिरौती और संगठित अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
घटना की जानकारी देने और मीडिया को पूरे मामले से अवगत कराने के लिए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर जल्द ही मौके पर पहुंचकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जिसमें एनकाउंटर और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *