डीडवाना में राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की ओर से स्वच्छता और सीवरेज रखरखाव पर एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में 600 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और आमजन को पर्यावरण संरक्षण तथा आधुनिक सीवरेज प्रणाली के महत्व के प्रति जागरूक किया। यह रैली आरयूआईडीपी के अधीक्षण अभियंता नेमीचंद पंवार के निर्देशन और अधिशासी अभियंता राजकुमार मीना के मार्गदर्शन में आयोजित हुई। कार्यक्रम में सहायक अभियंता रामेश्वर जाट का विशेष सहयोग रहा। स्कूल के चेयरमैन एम.आर. पलसानिया ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली स्कूल परिसर से शुरू होकर हर नारायण व्यास मार्ग, गाड़ावास, किसान छात्रावास, लाडनूं रोड और परमानंद कॉलोनी सहित प्रमुख मार्गों से गुजरी। छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “सीवरेज प्रणाली को अपनाना है, गंदगी को दूर भगाना है” और “स्वच्छ रहे डीडवाना शहर हमारा” जैसे नारों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। स्कूल की प्रिंसिपल उमा राय बोदक ने छात्राओं और नागरिकों को सीवरेज प्रणाली के तकनीकी लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घरेलू अपशिष्ट जल को सीवर लाइन के माध्यम से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तक पहुंचाया जाएगा, जहां जल को शुद्ध कर कृषि कार्यों में पुनः उपयोग किया जाएगा। इससे गंदगी कम होगी और जल पुनर्चक्रण को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान कैप सविता शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने और शौचालयों के उपयोग की शपथ दिलाई। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वच्छ पर्यावरण ही स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली का आधार है। इस जागरूकता अभियान को सफल बनाने में नोपा राम, इमरान, विकास, मेगा राम, वार्ड पार्षद गोपाल राम और एल एंड टी के एसओटी किशन सिंह का विशेष सहयोग रहा।


