पंजाब के मोगा में आम आदमी पार्टी के सरपंच के घर पर बीती रात फायरिंग हुई है। दो नकाबपोश बदमाशों ने बाइक पर सवार होकर सरपंच हरदीप सिंह के घर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमलावरों ने लगभग 8 से 10 राउंड फायर किए, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया। घटना तख्तूपूरा साहिब की है। सरपंच हरदीप सिंह ने बताया कि हमलावरों ने उनके घर के गेट और ऑफिस को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है और वह इस हमले के कारण को समझने में असमर्थ हैं। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। निहाल सिंह वाला के डीएसपी अनवर अली ने बताया कि पुलिस को देर रात फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस ने दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारी ने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


