छत्तीसगढ़ में हो रहे निकाय और पंचायत चुनाव में परिवाद जमकर हावी है। न सिर्फ भाजपा बल्कि कांग्रेस नेताओं के परिवार के सदस्य और नाते-रिश्तेदार भी इस चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की बहू भी चुनावी मैदान में हैं। वहीं पूर्व मंत्री तुलेश्वर सिंह के बेटे सतवंत सिंह भी जिला पंचायत में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। युवा आयोग अध्यक्ष की पत्नी को भी प्रत्याशी बनाया गया है। इसी कड़ी में एक मंत्री के भाई निर्विरोध पार्षद बन गए हैं। दोनों ही दल के प्रभावशाली नेता अपने रिश्तेदारों को चुनाव लड़वा रहे हैं। ऐसे अनेक नेताओं के परिवार के सदस्यों की लंबी फेहरिस्त है। भाजपा-कांग्रेस दोनों ही दलों में चला परिवारवाद, पूर्व मेयर ढेबर व प्रमोद दुबे की पत्नी भी लड़ रहीं चुनाव श्रममंत्री देवांगन के भाई भी उतरे मैदान में
साय कैबिनेट के मंत्रियों के रिश्तेदारों में कोरबा में श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के भाई नरेंद्र पार्षद पद का चुनाव निर्विरोध जीत गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी की बहू चंपा जायसवाल नगर पंचायत झगराखांड से अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं। बताया गया है कि चंपा जायसवाल श्यामबिहारी के भांजे पार्षद उमेश जायसवाल की पत्नी हैं। इसी तरह रायपुर की मेयर कैंडिडेट मीनल चौबे भाजपा पार्षद रह चुके छगन चौबे की पत्नी हैं। पूर्व मंत्री पैकरा की पत्नी-बेटा दोनों बने प्रत्याशी
पूर्व मंत्री रामसेवक पैकरा की पत्नी शशि पैकरा सूरजपुर जिला पंचायत क्षेत्र 6 से चुनाव मैदान में हैं। पैकरा अविभाजित सरगुजा और विभाजन के बाद सूरजपुर में जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं। वहीं रामसेवक के बेटे लवकेश पैकरा ने भी जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-10 से नामांकन दाखिल किया है। लेकिन भाजपा ने लवलेश को अधिकृत प्रत्याशी नहीं बनाया है। इसी तरह कोरबा जिला पंचायत से पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर की बहू निर्मला कंवर को भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है। एक विधायक की पत्नी तो एक की बहन भी मैदान में
कांकेर से भाजपा विधायक आशाराम नेताम की पत्नी सुरेखा नेताम जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। वे ग्राम पंचायत बेवरती की सरपंच रह चुकी हैं। इसके अलावा जिला पंचायत क्षेत्र-6 से पूर्व मंत्री लता उसेंडी की बहन किरण नरेटी ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। इसी तरह विधायक संपत अग्रवाल की बहू खुश्बू अग्रवाल नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ रहीं हैं। भाजपा के संगठन चुनाव प्रभारी खूबचंद पारख की बेटी शीतल जैन पार्षद पद की प्रत्याशी हैं। कांग्रेस विधायक की पत्नी, महापौर के पति को भी टिकट
कांग्रेस से धमतरी विधायक ओंकार साहू की पत्नी सुनीता आमदी नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ रही हैं। चिरमिरी से पूर्व मेयर कंचन जायसवाल के पति डा. विनय जायसवाल मैदान में हैं। पूर्व मेयर प्रमोद दुबे की पत्नी दीप्ति इस बार रायपुर से मेयर कैंडिडेट हैं। पूर्व मेयर ढेबर की पत्नी भी पार्षद चुनाव लड़ रही हैं। पूर्व विधायक गुलाब कमरो की बहन जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रही है। बिल्हा के कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला की पत्नी अनिता शुक्ला भी जिपं लड़ रही हैं। रेणुका की बेटी और तुलेश्वर का बेटा आमने-सामने
भरतपुर-सोनहत की बीजेपी विधायक और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह की बेटी मोनिका सिंह ने सूरजपुर जिला पंचायत क्षेत्र-15 से नामांकन दाखिल किया है। हालांकि, भाजपा ने वेद प्रकाश सिंह को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। इस सीट पर दिलचस्प यह है कि यहां से पूर्व मंत्री तुलेश्वर सिंह के बेटे सतवंत सिंह कोर्राम को कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया है। तुलेश्वर सिंह, जोगी सरकार में राज्यमंत्री थे। तुलेश्वर की बेटी शशि सिंह भी जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं। ये सब भी हैं मैदान में
सरगुजा में भाजपा नेता और पूर्व विधायक दिवंगत रविशंकर त्रिपाठी के बेटे राहुल त्रिपाठी अंबिकापुर में पार्षद का चुनाव लड़ रहे हैं। इसी तरह सरगुजा में जिला पंचायत क्षेत्र 1 से भाजपा ने दिव्या सिंह सिसोदिया को भाजपा का समर्थित प्रत्याशी घोषित किया है। वे भाजपा के जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की पत्नी हैं। वहीं सरगुजा में जिला पंचायत 2 से भाजपा ने पायल सिंह को प्रत्याशी बनाया है वे राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर की पत्नी हैं।


