अस्पताल चौराहे पर धरना देकर बैठे परिजन:हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग, महेंद्र सागर तालाब में मिला था शव

शहर के महेंद्र सागर तालाब में डूबने से हुई युवक की मौत के मामले में सोमवार को मृतक के परिजन धरने पर बैठ गए हैं। अस्पताल चौराहे पर धरना देकर बैठे परिजन हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। मौके पर कोतवाली थाना प्रभारी पंकज शर्मा सहित पुलिस बल तैनात है। पुरानी टिहरी निवासी गुड्डू कुशवाहा ने बताया कि उसके छोटे भाई रिंकू कुशवाहा का शव 19 नवंबर को शहर के महेंद्र सागर तालाब में पड़ा मिला था। घटना के एक दिन पहले से वह घर से लापता था। जिसकी गुमशुदगी की शिकायत उन्होंने कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी। परिजनों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों ने रिंकू की हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया। गुड्डू कुशवाहा ने बताया कि घटना के बाद कुछ संदिग्ध लोगों के नाम पुलिस को बताए गए थे। कोतवाली पुलिस ने करीब तीन लोगों को पूछताछ के लिए पकड़ा था, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए आज अस्पताल चौराहे पर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। परिजनों का कहना है कि जब तक रिंकू के हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक धरना जारी रहेगा। एसपी ने दिए थे जांच के निर्देश करीब 10 दिन पहले रिंकू कुशवाहा के परिजनों ने इस संबंध में एसपी दफ्तर में ज्ञापन सौंपा था। परिजनों की शिकायत के आधार पर एसपी मनोहर मंडलोई ने एसडीओपी राहुल कटरे को घटना की जांच के निर्देश दिए थे। परिजनों का कहना है कि एसपी के निर्देश के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *